लव राशिफल 10 जून: कर्क राशि में शुक्र-गुरु की दिव्य युति, पढ़ें कैसा रहेगा आपका प्रेम और वैवाहिक जीवन
आज 10 जून 2026 को प्यार और रिश्तों के मामले में एक बेहद अद्भुत और गहरा योग बना हुआ है। ...और पढ़ें

Aaj Ka Love Rashifa 10 June 2026: आज का लव राशिफल
आनंद सागर पाठक, एस्ट्रोपत्री। आज का दिन उन सभी लोगों के लिए वरदान साबित हो सकता है जो अपने पारिवारिक जीवन में शांति या प्रेम संबंधों में गंभीरता की तलाश कर रहे हैं। गुरु और शुक्र का प्रभाव आज वाणी में मिठास और निर्णयों में विवेक लेकर आएगा, जिससे बड़े से बड़े घरेलू विवाद सुलझ सकते हैं। हालांकि, कुछ राशियों के लिए अपनी ऊर्जा को नियंत्रित रखना और जल्दबाजी से बचना बेहद जरूरी होगा।
विशेषकर नए रिश्तों की शुरुआत में धैर्य रखें और वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे पर बेहतरी साबित करने की होड़ से बचें। घर आए मेहमानों और बुजुर्गों का सम्मान आज आपके भाग्य को और चमकाएगा। ऐसे में चलिए एस्ट्रोलॉजर आनंद सागर पाठक से जानते हैं मेष से मीन राशि (Love Horoscope 10 June 2026) तक का लव राशिफल।
मेष लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Aries Love Horoscope Today)
चतुर्थ भाव में देवगुरु बृहस्पति और शुक्रदेव की युति आज आपके घर के माहौल में एक बेहद खूबसूरत गर्माहट और मैच्योरिटी लेकर आ रही है। जीवनसाथी के साथ यदि घर की व्यवस्था या निवेश से जुड़ी कोई जरूरी बात लंबे समय से टल रही थी, तो आज उसे करने का सबसे सटीक दिन है।
आज प्रेम संबंधों में एक ठहराव और गहराई महसूस होगी। यदि घर पर चाचा, चाची, मामी या बुआ जैसे किसी करीबी रिश्तेदार का आगमन होता है, तो उनकी आवभगत में कमी न आने दें, यह मेलजोल मन को ताजगी देगा। बस एक बात का ध्यान रखें कि केतु पांचवे भाव में विराजमान हैं, इसलिए किसी भी नए प्रेम संबंध में कदम रखने में जल्दबाजी बिल्कुल न करें, पहले एक-दूसरे को समय दें।
खबरें और भी
वृषभ लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Taurus Love Horoscope Today)
आज आपके भाई-बहनों से जुड़े जो मामले लंबे समय से तनाव का कारण बने हुए थे, उनमें आज अचानक नरमी आएगी और आपसी संबंधों में सुधार होगा। तीसरे भाव में देवगुरु और शुक्रदेव की युति आपकी बातचीत में एक स्वाभाविक मिठास और आकर्षण पैदा कर रही है, जिससे आज जीवनसाथी के सामने रखी गई आपकी हर बात बेहद ध्यान से सुनी और समझी जाएगी। प्रेम संबंधों में अपनापन और मिठास घुली रहेगी। हालांकि, सूर्य प्रथम भाव में शत्रु राशि में गोचर कर रहे हैं, जिससे स्वभाव में कभी-कभी ईगो आ सकता है या परिवार के किसी बड़े व्यक्ति से वैचारिक मतभेद हो सकता है। आज शांति बनाए रखें और माता-पिता के साथ समय बिताकर उनका आशीर्वाद जरूर लें, इससे मन का भटकाव शांत होगा।
मिथुन लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Gemini Love Horoscope Today)
आज का दिन अपने जीवनसाथी (पति/पत्नी) से घर और परिवार से जुड़ी किसी ज़रूरी बात को खुलकर करने के लिए बहुत अच्छा है। आपकी बातचीत बहुत मीठी और अच्छी रहेगी। जो लोग प्रेम संबंधों में हैं, उन्हें आज अपने रिश्ते में और ज़्यादा प्यार और अपनापन महसूस होगा। आज अपने माता-पिता की सेहत का खास ख्याल रखें। उनकी भावनाओं को समझें और उनके साथ थोड़ा समय ज़रूर बिताएं। उनका आशीर्वाद आज आपके हर काम को सफल बनाएगा।
कर्क लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Cancer Love Horoscope Today)
कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व में एक दिव्य आभा लेकर आया है, क्योंकि आपके प्रथम भाव में ही उच्च के देवगुरु और शुक्रदेव की युति बनी हुई है। आज लोग आपकी तरफ स्वाभाविक रूप से आकर्षित होंगे और समाज में आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी। नवें भाव से लग्नेश चंद्रमा आज जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते को एक नई और आध्यात्मिक ऊंचाई पर ले जा सकते हैं । आज पार्टनर का सहयोग करना या उनसे सलाह लेना, दोनों ही स्थितियों में आपके लिए अत्यंत लाभकारी रहेगा। पिता या किसी गुरु समान व्यक्ति से आज हुई कोई सार्थक बातचीत आपके जीवन की दिशा बदल सकती है। बस इस बात का ध्यान रखें कि भावनाओं में आकर या किसी पल भर के आकर्षण में बहकर कोई बड़ा फैसला न लें।
सिंह लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Leo Love Horoscope Today)
आज आपके रिश्तों के मामले में थोड़ा संभलकर चलने की आवश्यकता है। राहु आपके सातवे भाव में विराजमान हैं, जिसके कारण जीवनसाथी के साथ किसी अप्रत्याशित बात या पुरानी गलतफहमी को लेकर अचानक बहस छिड़ सकती है, ऐसे में वाणी और गुस्से पर पूरा संयम रखें। आठवें भाव में चंद्रमा और शनि की मौजूदगी के कारण रिश्तों में एक अजीब सा खिंचाव या अनजाना तनाव महसूस हो सकता है। आज विशेष रूप से ध्यान रखें कि आपकी किसी बात या व्यवहार से घर की किसी भी महिला को ठेस न पहुंचे। हालांकि, बारहवें भाव में उच्च के गुरु और शुक्र की उपस्थिति यह संकेत देती है कि यदि आप पार्टनर के साथ एकांत में समय बिताते हैं या किसी शांत यात्रा पर निकलते हैं, तो यह कड़वाहट दूर हो सकती है और रिश्ते में एक नयापन आ सकता है। ससुराल पक्ष से आज कोई सहयोग मांगा जाए, तो उसे सहर्ष पूरा करें।
कन्या लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Virgo Love Horoscope Today)
यदि आपके मन में अपने प्रेम जीवन या परिवार को लेकर कोई बड़ी दुविधा या असमंजस चल रहा है, तो आज उसे अकेले सुलझाने की कोशिश न करें; परिवार के बड़ों के सामने अपनी बात रखें, समाधान तुरंत मिल जाएगा। एकांत में बैठे रहने के बजाय घर के छोटे बच्चों के साथ थोड़ा वक्त बिताएं और उन्हें खुश करें, इससे आपके घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होगी। सातवे भाव में दिगबली शनि और एकादश भाव से देवगुरु की दृष्टि मिलकर आपके वैवाहिक जीवन में एक अद्भुत स्थिरता और मैच्योरिटी ला रही है। जीवनसाथी के साथ आज का संवाद बहुत सार्थक रहेगा। जो लोग लंबे समय से किसी के साथ प्रेम संबंध में हैं, उनका रिश्ता आज विवाह की दिशा में आगे बढ़ सकता है और परिवार की मंजूरी मिलने के मजबूत योग हैं। नए रिश्तों में जल्दबाजी से बचें।
तुला लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Libra Love Horoscope Today)
तुला राशि के जातकों के लिए मंगल देव सातवे भाव में अपनी ही राशि में विराजमान हैं। यह स्थिति जीवनसाथी के साथ रिश्ते में अपार जोश, ऊर्जा और आकर्षण तो पैदा करेगी, लेकिन यही अत्यधिक ऊर्जा कभी-कभी उग्रता या तकरार का रूप भी ले सकती है। इसलिए आज बातचीत के दौरान अपने शब्दों के चयन पर विशेष ध्यान दें, कोई भी तीखी बात पार्टनर के दिल को दुखा सकती है। छठे भाव में चंद्रमा और शनि की उपस्थिति के कारण आज पारिवारिक जिम्मेदारियों या किसी सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर आपका मन थोड़ा थका हुआ और उदास रह सकता है। इस मानसिक थकान का गुस्सा अपने जीवनसाथी पर बिल्कुल न निकालें। यदि संभव हो, तो आज पार्टनर के साथ किसी धार्मिक स्थान या मंदिर के दर्शन के लिए जाएं, इससे आपके रिश्ते को एक नई सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी।
वृश्चिक लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Scorpio Love Horoscope Today)
आज भाग्य आपके प्रेम और पारिवारिक जीवन पर पूरी तरह मेहरबान है। नवम भाव में उच्च के देवगुरु और शुक्रदेव की युति आपके प्रेम संबंधों को एक बहुत ही सुंदर, पवित्र और आध्यात्मिक गहराई दे रही है। यदि पार्टनर के साथ मिलकर आप किसी धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बनते हैं, तो आपसी समझ और सम्मान कई गुना बढ़ जाएगा। पांचवे भाव में चंद्रमा और शनि की स्थिति होने के कारण आज आप बच्चों की पढ़ाई, करियर या उनके भविष्य को लेकर थोड़े गंभीर नजर आ सकते हैं; उनके साथ बैठकर खुलकर और दोस्ताना माहौल में बात करना फायदेमंद रहेगा। सातवे भाव में सूर्य के शत्रु राशि में होने से जीवनसाथी के साथ किसी छोटी बात पर जिद या ईगो का टकराव हो सकता है, इसलिए अपनी राय थोपने से बचें और घर के अधूरे कामों को पूरा करने में हाथ बंटाएं।
धनु लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Sagittarius Love Horoscope Today)
आज का दिन यह संदेश लेकर आया है कि आप अपना अधिकतम समय घर-परिवार और अपनों के बीच बिताएं। इसी में आज आपको सबसे बड़ा मानसिक सुकून मिलेगा। चतुर्थ भाव में चंद्रमा और शनि की एक साथ मौजूदगी घर में किसी पुरानी बात को लेकर या माता जी के स्वास्थ्य को लेकर मन में थोड़ी चिंता पैदा कर सकती है, इसलिए माता जी की सेवा करें और उनकी भावनाओं का सम्मान करें। बुधदेव आपके सातवे भाव में अपनी ही राशि में बैठे हैं, जो जीवनसाथी के साथ संवाद में गजब की स्पष्टता और समझदारी दे रहे हैं। पार्टनर के साथ दिल की बात साझा करने के लिए आज का दिन बेहतरीन है। बस एक बात की सावधानी रखें कि पति-पत्नी के बीच एक-दूसरे से ज्यादा श्रेष्ठ या बुद्धिमान बनने की होड़ न लगे, अन्यथा बहस बढ़ सकती है।
मकर लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Capricorn Love Horoscope Today)
वैवाहिक जीवन और प्रेम संबंधों के लिहाज से आज का दिन एक सुनहरा अवसर लेकर आया है। आपके सातवे भाव में योगकारक शुक्रदेव और उच्च के देवगुरु बृहस्पति की युति बनी हुई है, जो दांपत्य जीवन में पिछले काफी समय से चली आ रही उथल-पुथल, गलतफहमियों या दूरियों को पूरी तरह समाप्त करने की ताकत रखती है। बस आपको अपने व्यवहार से ईगो को कोसों दूर रखना होगा। जो लोग अविवाहित हैं और एक आदर्श जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए आज कोई बहुत अच्छा रिश्ता आ सकता है या इस विषय में बात आगे बढ़ सकती है। तीसरे भाव का चंद्रमा और शनि भाई-बहनों या करीबी रिश्तेदारों के साथ चल रहे किसी पुराने मनमुटाव को दूर करने का मौका देगा, आगे बढ़कर बातचीत करें।
कुंभ लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Aquarius Love Horoscope Today)
कुंभ राशि के जातकों के लिए केतु देव सातवे भाव में गोचर कर रहे हैं, जिस से आज आपको अपने जीवनसाथी या लव पार्टनर के प्रति एक अजीब सा रूखापन या अनकही दूरी महसूस हो सकती है। इस स्थिति से बचने का एकमात्र उपाय यह है कि आप अपनी भावनाओं को मन में छुपाकर या गुप्त रखने की आदत छोड़ें और खुद आगे बढ़कर पार्टनर से बात करें।दूसरे भाव में चंद्रमा और शनि की उपस्थिति से परिवार के भीतर कोई पुराना भावनात्मक या संवेदनशील मुद्दा दोबारा सामने आ सकता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि देवगुरु बृहस्पति की दृष्टि इस भाव पर है, इसलिए यदि आप धैर्य और समझदारी से काम लेंगे, तो परिवार के सभी सदस्य आपकी बात से सहमत होंगे और घरेलू माहौल शांत रहेगा।
मीन लव एंड रिलेशनशिप राशिफल (Pisces Love Horoscope Today)
आपके पांचवे भाव में लग्नेश देवगुरु बृहस्पति उच्च राशि में शुक्रदेव के साथ विराजमान हैं, जो आपकी लव लाइफ के लिए एक अत्यंत सुखद, दिव्य और रोमांटिक समय का योग बना रहे हैं। आज प्रेम संबंधों में एक अलग ही मिठास और आपसी समर्पण देखने को मिलेगा। जो लोग विवाह के योग्य हैं और पार्टनर की तलाश में हैं, उनके लिए आज का दिन कोई बहुत शुभ संकेत या खुशखबरी लेकर आ सकता है। हालांकि, प्रथम भाव में चंद्रमा और शनि की युति होने से आप अपने प्रियजनों और बच्चों के भविष्य को लेकर जरूरत से ज्यादा चिंता करके खुद को मानसिक रूप से थका सकते हैं। इस व्यर्थ की चिंता को छोड़िए, हर निर्णय खुद लेने की जिद के बजाय ईश्वर और अपनों के विवेक पर भरोसा रखें। परिवार और मित्रों के साथ आज बिताया गया समय आपको नई ऊर्जा से भर देगा।
मेष से मीन राशि का वार्षिक राशिफल 2026
लेखक: श्री आनंद सागर पाठक, Astropatri.com, प्रतिक्रिया के लिए लिखें: hello@astropatri.com