Exlusive interview: Hyundai Bayon के जरिए टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव खेल रही कंपनी, MD & CEO तरुण गर्ग ने बताई रणनीति
Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO तरुण गर्ग (CEO Tarun Garg) से विशेष बातचीत।

MD & CEO तरुण गर्ग का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। Hyundai Motor India भारतीय बाजार में अपनी SUV रणनीति को मजबूत करने के लिए नई मिड-साइज SUV Bayon के साथ टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव लगा रही है। Hyundai Venue और Creta के बीच अपनी जगह बनाने वाली Bayon को कंपनी एक इंटेलिजेंट SUV के तौर पर पेश कर रही है। इसमें मॉर्डन डिजाइन, कनेक्टिविटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स पर खास जोर दिया गया है। Hyundai का मानना है कि आने वाले सालों में कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए टेक्नोलॉजी एक अहम निर्णायक पहलू बनने वाली है।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई Hyundai Bayon
Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO तरुण गर्ग (CEO Tarun Garg) ने विशेष बातचीत में कहा कि कंपनी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती है। Bayon इसी रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए Hyundai पारंपरिक फीचर अपग्रेड से आगे बढ़कर ग्राहकों को ज्यादा स्मार्ट और कनेक्टेड ड्राइविंग अनुभव देना चाहती है।
2032 तक बढ़ सकती है मिड-साइज SUV सेगमेंट की हिस्सेदारी
गर्ग के मुताबिक, भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार में SUV की बढ़ती लोकप्रियता कंपनियों के लिए बड़े अवसर पैदा कर रही है। फिलहाल कुल पैसेंजर व्हीकल बाजार में SUV की हिस्सेदारी करीब 57% है, जिसके 2032 तक बढ़कर 60% होने का अनुमान है। वहीं, मिड-साइज SUV सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है। 2026 में SUV बाजार में इसकी हिस्सेदारी करीब 28% रहने का अनुमान है, जो 2032 तक बढ़कर 36% हो सकती है। ऐसे में Hyundai इस सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
Bayon और Creta की मिलाकर 2.5 लाख यूनिट बेचने का लक्ष्य
कंपनी के पास फिलहाल अलग-अलग सेगमेंट में सात SUV हैं और Hyundai की कुल बिक्री में इनकी हिस्सेदारी करीब 70% है। Bayon इस पोर्टफोलियो में एक अहम भूमिका निभाएगी। कंपनी का लक्ष्य अगले साल Bayon और Creta को मिलाकर 2.5 लाख यूनिट की बिक्री हासिल करना है। इससे स्पष्ट है कि Hyundai आने वाले समय में अपने SUV कारोबार को और विस्तार देने पर ध्यान दे रही है।
Hyundai Bayon में मिलेंगे 70 से ज्यादा कनेक्टेड-कार फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो Hyundai Bayon में 12.3-इंच के दो डिस्प्ले दिए गए हैं, जिनमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल हैं। SUV में 70 से ज्यादा Bluelink कनेक्टेड-कार फीचर्स, जनरेटिव AI आधारित वॉयस असिस्टेंट, ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट, मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट और एडवांस्ड नेविगेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा, इसमें Hyundai SmartSense Level 2 Pro एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी दिया गया है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 115 PS की पावर जनरेट करता है। इसे मैनुअल और इंटेलिजेंट वैरिएबल ट्रांसमिशन के विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। कंपनी की योजना जनवरी 2027 में इसका CNG वेरिएंट पेश करने की भी है।
AI ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ला सकता है बड़ा बदलाव
टेक्नोलॉजी पर Hyundai के बढ़ते फोकस को लेकर गर्ग का मानना है कि आने वाले वर्षों में AI ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को बड़े स्तर पर बदलने वाला है। कारों में AI की भूमिका केवल वॉयस कमांड तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह ड्राइविंग अनुभव को अधिक व्यक्तिगत, सुविधाजनक और स्मार्ट बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। उनका कहना है कि Hyundai भविष्य की जरूरतों को समझते हुए समय से पहले काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और सनरूफ का उदाहरण देते हुए बताया कि कंपनी ने पहले भी ऐसी तकनीकों और फीचर्स पर जोर दिया, जो बाद में भारतीय बाजार में ग्राहकों की पसंद का अहम हिस्सा बन गए।
भारत से दूसरे देशों में भी एक्सपोर्ट होगी Hyundai Bayon
Bayon की भूमिका घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहेगी। Hyundai इस SUV को भारत से एक्सपोर्ट करने की भी योजना बना रही है। कंपनी पहले ही भारत से चार मिलियन यानी 40 लाख वाहनों के संचयी निर्यात का आंकड़ा पार कर चुकी है। कंपनी के मुताबिक, यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह भारत की पहली ऑटोमोबाइल निर्माता है।
SUV सेगमेंट में टेक्नोलॉजी के दम पर बढ़त बनाने की तैयारी
कुल मिलाकर, Bayon Hyundai की उस रणनीति को दर्शाती है, जिसमें SUV सेगमेंट में बढ़ते अवसरों का फायदा उठाने के साथ-साथ टेक्नोलॉजी के जरिए प्रतिस्पर्धा में बढ़त हासिल करने की कोशिश की जा रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय ग्राहक AI और कनेक्टेड फीचर्स से लैस इस SUV को किस तरह स्वीकार करते हैं।
