डिप्टी सीएम के अल्टीमेटम का नहीं हुआ असर; बिहार में CO की हड़ताल जारी, जमीन संबंधी कामकाज ठप
Bihar News: उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा के अल्टीमेटम के बावजूद बिहार में अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। औरंगाबाद में सीओ कार् ...और पढ़ें
-1775035825083_m.webp)
राजस्व कर्मचारी तक गायब मिले। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग के मंत्री सह उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा हड़ताली अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों को 31 मार्च तक हर हाल में काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन इसका असर अंचलों में नहीं दिखा।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि जो कर्मचारी और अधिकारी कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाए। साथ ही एक अप्रैल से सभी अंचलों में राजस्व अधिकारियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने का आदेश भी जारी किया गया था।
बुधवार को जब अंचल कार्यालयों की स्थिति की पड़ताल की गई, तो सीओ से लेकर राजस्व कर्मचारी तक गायब मिले। हड़ताल पर रहने की जानकारी मिली। सदर अंचल में अंचल अधिकारी (सीओ) अपने कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
कार्यालय कर्मियों ने बताया कि सीओ हड़ताल पर हैं। प्रभार में फिलहाल प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। कर्मचारियों ने बताया कि जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो रहे हैं। केवल विधि व्यवस्था और आरटीपीएस का काम हो रहा है।
CO की हड़ताल से काम ठप
कार्यालय में अपने कार्यों को लेकर पहुंचे अधिवक्ता अवधेश राय ने बताया कि एक भूमि विवाद के मामले में भूमि सुधार उप समाहर्ता का आदेश लागू कराने के लिए वे आए हैं, लेकिन सीओ के अनुपस्थित रहने से काम लंबित है।
वहीं, खैरी गांव के निवासी शंभू साव ने बताया कि ‘परिमार्जन प्लस’ के तहत उनका मामला लंबे समय से लंबित है और हड़ताल के कारण कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
इसी तरह मदरपुर गांव के बछराज सिंह ने बताया कि वे पिछले दो महीनों से जमीन के प्लाट सुधार के लिए अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।
देव अंचल की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। यहां भी सीओ के हड़ताल पर रहने से दाखिल-खारिज, मापी और परिमार्जन प्लस जैसे कार्य ठप पड़े हैं।
हालांकि आरटीपीएस काउंटर पर आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य प्रभारी सीओ यानी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा निपटाए जा रहे हैं, लेकिन अन्य राजस्व काम ठप पड़े हैं।
कहते हैं एडीएम
अपर समाहर्ता (एडीएम) अनुग्रह नारायण सिंह ने बताया कि मदनपुर सहित कुछ अंचलों के सीओ हड़ताल से लौट चुके हैं और उन्हें पुनः प्रभार सौंपा जा रहा है। जिन अंचलों में अब भी सीओ कार्य पर नहीं लौटे हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अन्य राजस्व अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।