विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

24 घंटे पहले पूर्व मुखिया को भेजा जेल, आज खुद निगरानी के हत्थे चढ़े; बांका में 75 हजार घूस लेते मामा के साथ BDO धराए

Updated: Tue, 01 Sep 2026 10:43 AM (IST)

Banka BDO Arrested:बांका में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने फुल्लीडूमर के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते ...और पढ़ें

Banka BDO Arrested: बांका में निगरानी का बड़ा एक्शन, फुल्लीडूमर BDO अमित प्रताप सिंह ₹75 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Banka BDO Arrested: बांका में निगरानी का बड़ा एक्शन, फुल्लीडूमर BDO अमित प्रताप सिंह ₹75 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

HighLights

  1. बीडीओ अमित प्रताप सिंह 75 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. निगरानी टीम ने बांका में की बड़ी कार्रवाई।

  3. फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी।

संवाद सहयोगी, बांका। Banka BDO Arrested: भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार की सुबह बांका में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी की टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर की। गिरफ्तारी के बाद टीम बीडीओ और मौके पर मौजूद उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को बांका परिसदन (सर्किट हाउस) लेकर पहुंची, जहां दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

  • पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance) की टीम ने बांका शहर की नेहरू कॉलोनी स्थित आवास पर की छापेमारी

  • पंचायती राज योजनाओं की स्वीकृति के एवज में प्रखंड प्रमुख से मांगी थी ₹75 हजार की रिश्वत; रंगेहाथ पकड़े गए

  • बीडीओ अमित प्रताप सिंह और उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को हिरासत में लेकर परिसदन में की जा रही पूछताछ

  • एक दिन पूर्व ही जन्म प्रमाण पत्र विवाद में पूर्व मुखिया को भेजा था जेल, 24 घंटे में खुद रिश्वतखोरी में नपे अफसर

निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायती राज विभाग से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में बीडीओ अमित प्रताप सिंह द्वारा 75 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगी जा रही है।

सत्यापन के बाद सुबह-सुबह आवास पर मारा छापा

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम गठित कर गुप्त रूप से मामले का भौतिक सत्यापन कराया। जांच में बीडीओ द्वारा रिश्वत मांगे जाने का आरोप पूरी तरह सही पाया गया। इसके बाद डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की टीम ने मंगलवार की सुबह नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के आवास की घेराबंदी की।

जैसे ही प्रखंड प्रमुख ने बीडीओ को रिश्वत की तय रकम 75 हजार रुपये थमाई, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। निगरानी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय से लेकर बांका समाहरणालय तक के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

24 घंटे पहले पूर्व मुखिया को भेजा था जेल, अब खुद नपे

उल्लेखनीय है कि बीडीओ अमित प्रताप सिंह पिछले 24 घंटों से लगातार सुर्खियों में थे। सोमवार को ही जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के विवाद में बीडीओ और पूर्व मुखिया संजीव मंडल के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई थी। इस मामले में बीडीओ द्वारा दिए गए आवेदन पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस घटना के ठीक अगले ही दिन खुद बीडीओ के घूसखोरी के मामले में रंगेहाथ पकड़े जाने से यह पूरा प्रकरण जिले में चर्चा का केंद्र बन गया है। निगरानी टीम दोनों आरोपियों के खिलाफ पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश करने की अग्रिम कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।