'हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश', UP चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे पर भड़के गिरिराज; अखिलेश पर भी निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने यूपी चुनाव में तीसरे मोर्चे को हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश बताया। उन्होंने ...और पढ़ें

'हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश', UP चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे पर भड़के गिरिराज
HighLights
तीसरा मोर्चा हिंदुओं को जातियों में बांटने की साजिश: गिरिराज सिंह।
विपक्ष पर मुस्लिम एकीकरण और हिंदू विभाजन की राजनीति का आरोप।
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत, बिहार में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बीच तीसरे मोर्चा की घोषणा पर हमला बोला।
तीसरे मोर्चा को उन्होंने हिंदओं को जातियों में बांटने की साजिश करार दिया। उन्होंने हिंदू समाज के जातिगत विभाजन और मुस्लिम समाज के राजनीतिक एकीकरण का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल खड़ा किया।
साथ ही, संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
बेगूसराय स्थित रसियन गेस्ट हाउस में गुरुवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेज और मुगलों ने हिंदुओं को जातियों में बांटने का काम किया था। बाद में नेहरू के दौर में भी हिंदुओं को जातियों में खड़ा किया गया। आज स्थिति यह है कि हर जाति का राजनीतिकरण हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सनातनियों को जातियों में बांटने की राजनीति हो रही है, तो दूसरी तरफ मुस्लिम समाज का कट्टरवादी एकीकरण और ईसाइयों का विस्तारवादी रुख सामने आ रहा है।
मंत्री ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे सांसद को मणिपुर की तीन महत्वपूर्ण चुनावी समितियों में शामिल किए जाने के सवाल पर कहा कि बेटियों के साथ कथित उत्पीड़न के मामले में लगे आरोप कांग्रेस को दिखाई नहीं देते।
गिरिराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को महत्व दे रही है, जिन पर उत्पीड़न, देशद्रोह और देश तोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अर्थव्यवस्था कहां थी और 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के समय देश की स्थिति क्या थी। इसकी तुलना की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष सहित पूरी दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति पर नजर रख रही है। पेट्रोल की कीमत, विदेशी मुद्रा भंडार और रक्षा क्षेत्र में निर्यात का जिक्र करते हुए कहा कि भारत चिप से लेकर शिप तक में अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार पहले की तुलना में दोगुना हो चुका है।
विपक्ष के आरोपों को भ्रम फैलाने की कोशिश बताते हुए तंज किया कि यदि इसे गिरती हुई अर्थव्यवस्था कहा जाता है तो उन्हें ऐसी अर्थव्यवस्था भी स्वीकार है।
प्रधानमंत्री के बिहार आगमन को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री वर्ष 2015 से ही यह कहते रहे हैं कि पूर्वांचल के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है।
जिले की औद्योगिक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रिफाइनरी, फर्टिलाइजर, एनटीपीसी और सड़कों के विस्तार से जिले में विकास की नई संभावनाएं बनी हैं। बिहार में उद्योग-धंधों से जुड़े लोग आ रहे हैं और राज्य एथेनाल उत्पादन के केंद्र के रूप में उभर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।