बेगूसराय के 1102 परिवारों को मिले पक्के घर, PM मोदी ने ने जिले को कुल ₹401 करोड़ की सौगात दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली से बेगूसराय के लिए 401.07 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

हाथ में सांकेतिक चाबी दिखाते हितग्राही, बीच में बैठे अधिकारी। जागरण
HighLights
प्रधानमंत्री ने 401 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया।
1102 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां मिलीं।
सीवरेज नेटवर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल सुविधाओं का शिलान्यास/उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले से नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के बाद आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान बेगूसराय को 401.07 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी।
उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, ऊर्जा, नगर विकास, परिवहन एवं आवास से जुड़ी योजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के 1,102 लाभुकों को उनके नवनिर्मित पक्के मकानों की सांकेतिक चाबी भी सौंपी गई।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कंकौल स्थित प्रेक्षा गृह में किया गया। यहां डीएम रिची पांडेय, एसपी मनीष, विधान पार्षद सुरेश राय, विधायक रजनीश कुमार, महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनिता राय, विभिन्न नगर निकायों के मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद थे।
375.87 करोड़ से बनेगा सीवरेज नेटवर्क
शहर के लिए 375.87 करोड़ रुपये की प्राक्कलित लागत से बनने वाली सीवरेज नेटवर्क परियोजना का शिलान्यास किया गया। नगर एवं आवास विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से शहर में सीवरेज व्यवस्था विकसित होने और शहरी स्वच्छता को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
वहीं, पीएम-ई ड्राइव योजना के तहत परिवहन विभाग की ओर से साहेबपुरकमाल प्रखंड में चार इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना का भी शिलान्यास किया गया।
स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं का उद्घाटन
स्वास्थ्य क्षेत्र में साहेबपुरकमाल प्रखंड में 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बछवाड़ा एवं बरौनी प्रखंड में 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित ब्लाक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन किया गया।
इसके अलावा 7.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खेल भवन सह व्यायामशाला भी जनता को समर्पित किया गया। शिक्षा क्षेत्र में मटिहानी प्रखंड के सिहमा स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का 1.95 करोड़ रुपये की लागत से उद्घाटन हुआ।
वहीं, खोदावंदपुर प्रखंड के बेगमपुर, तेघड़ा प्रखंड के गौड़ा और बछवाड़ा प्रखंड के फतेहा स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों के भवनों का भी उद्घाटन किया गया।
इन भवनों के निर्माण पर क्रमशः 95 लाख, 95 लाख और 1.22 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ऊर्जा क्षेत्र में बरौनी प्रखंड के न्यू इंडस्ट्रियल एरिया में आरडीएसएस योजना के तहत 11.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पावर सब स्टेशन का उद्घाटन किया गया।
1102 लाभुकों को मिली आवास की सांकेतिक चाबी
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के 1,102 लाभुकों को नवनिर्मित पक्के मकानों की सांकेतिक चाबी प्रदान की गई।
डीएम रिची पांडेय ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक आधारभूत संरचना, खेल सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, शहरी स्वच्छता, परिवहन और आवास के क्षेत्र में सुधार होगा।
यह भी पढ़ें- पीएम ने भोजपुर में 49.92 करोड़ रुपये से बने 14 योजनाओं का किया उद्घाटन
यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद हंगामे का वीडियो वायरल, राजद कार्यकर्ताओं पर पोस्टर फाड़ने का आरोप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।