Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर एयरपोर्ट पर बड़ी हलचल : एएआई टीम ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू हो सकती हैं उड़ानें

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 07:36 AM (IST)

    भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की छह सदस्यीय टीम ने भागलपुर हवाई अड्डे का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने परिसर, रनवे और सुरक्षा मानकों का गहन मूल्यांकन कि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    क्या भागलपुर से उड़ान भरेंगे विमान? एएआई टीम के निरीक्षण के बाद बढ़ी उम्मीदें

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर के हवाई अड्डे से विमानन गतिविधियों की शुरुआत को लेकर शुक्रवार को अहम पहल हुई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की छह सदस्यीय टीम ने एयरपोर्ट परिसर का करीब दो घंटे तक विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद टीम अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।

    पटना से पहुंची टीम ने किया निरीक्षण

    निरीक्षण टीम में पटना एयरपोर्ट से आए जावेद अख्तर और चंद्रेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे। टीम ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट परिसर, रनवे और आसपास के क्षेत्रों का गहन जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा मानकों और मौजूदा संसाधनों की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया।

    रनवे और संसाधनों का किया आकलन

    अधिकारियों ने रनवे की वर्तमान स्थिति, उसकी मजबूती और आवश्यक मरम्मत कार्यों की जरूरत पर विशेष ध्यान दिया। पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर रनवे के रखरखाव और सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रशिक्षण उड़ानों के संचालन की संभावनाओं का भी आकलन किया गया।

    सुरक्षा मानकों और आसपास के क्षेत्र की जांच

    निरीक्षण के दौरान टीम ने एयरपोर्ट के आसपास बने मकानों और अन्य संरचनाओं का भी अवलोकन किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि भविष्य में विमानन गतिविधियों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो सके। अधिकारियों ने संभावित एंट्री और एग्जिट प्वाइंट की भी पहचान की।

    मौसम और हवा की स्थिति पर भी नजर

    टीम ने क्षेत्र में हवा की दिशा और गति की जानकारी भी जुटाई। विमान प्रशिक्षण के लिए मौसम और हवा की स्थिति को महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए इन पहलुओं का भी गहराई से अध्ययन किया गया।

    प्रशिक्षण उड़ानों की संभावनाएं बढ़ीं

    सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक आकलन में भागलपुर एयरपोर्ट को विमानन गतिविधियों के लिए संभावनाशील माना गया है। यदि रिपोर्ट अनुकूल रहती है तो यहां नॉन शेड्यूल ऑपरेटर परमिट (एनएसओपी) के तहत प्रशिक्षण उड़ानों की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

    स्थानीय युवाओं को मिलेगा लाभ

    निरीक्षण के बाद दोपहर करीब दो बजे टीम पटना लौट गई। यदि भागलपुर में प्रशिक्षण उड़ानों की शुरुआत होती है तो स्थानीय युवाओं को विमानन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।