Trending

    भागलपुर में ई-चालान सख्त: सीट बेल्ट और रेड लाइट जंप पर सीधे कटेगा जुर्माना, कैमरों से होगी निगरानी

    Updated: Sat, 28 Feb 2026 11:27 PM (IST)

    भागलपुर में अब चार पहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। सीट बेल्ट न लगाने या रेड लाइट जंप करने पर सीधे ई-चालान कटेगा। इंटीग ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर में स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लागू, सीट बेल्ट और स्टॉप लाइन उल्लंघन पर कार्रवाई

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर में चार पहिया वाहन चालकों के लिए आज से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। सीट बेल्ट नहीं लगाने या रेड लाइट जंप करने पर अब सीधे ई-चालान कटेगा। रविवार से सभी प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों पर यह व्यवस्था लागू की जा रही है।

    इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर से निगरानी

    वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर यातायात पुलिस ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर के माध्यम से कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। अब तक मुख्य रूप से दोपहिया चालकों पर फोकस था, लेकिन अब चार पहिया वाहनों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

    हाई-डेफिनिशन कैमरों से रिकॉर्ड होंगी गतिविधियां

    तिलकामांझी, कचहरी चौक, घंटाघर और जीरो माइल सहित प्रमुख चौराहों पर लगे हाई-डेफिनिशन कैमरे स्टॉप लाइन पार करने, लाल बत्ती तोड़ने और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसी गतिविधियों को स्वतः रिकॉर्ड करेंगे। फुटेज का मिलान परिवहन विभाग के डाटाबेस से कर वाहन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चालान की सूचना भेजी जाएगी।

    स्टॉप लाइन और ज़ेबरा क्रॉसिंग उभारने की तैयारी

    यातायात डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि कई स्थानों पर स्टॉप लाइन और ज़ेबरा क्रॉसिंग स्पष्ट नहीं दिख रही है। संबंधित विभाग को इन्हें दोबारा उभारने का निर्देश दिया गया है। नया बाजार सहित कई जगहों पर काम शुरू हो चुका है और पहले प्रमुख चौक-चौराहों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    नियम उल्लंघन पर तय जुर्माना

    मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीट बेल्ट नहीं लगाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। लाल बत्ती पार करने पर एक हजार से पांच हजार रुपये तक चालान होगा। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने या गलत दिशा में ड्राइविंग पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना निर्धारित है। तेज रफ्तार, प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर भी कार्रवाई होगी।

    चार नए ट्रैफिक पोस्ट को मंजूरी

    जीरो माइल चौक, नगर निगम चौक, कचहरी चौक और गोड़हट्टा चौक पर नए ट्रैफिक पोस्ट बनाए जाएंगे। भविष्य में विक्रमशिला टीओपी के पास भी पोस्ट बनाने की योजना है, ताकि निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।