Trending

    भागलपुर में मित्र वसंत गोष्ठी : झाला, श्रेया, दिनेश देशी घी वाला के साथ विनीत चौहान के प्रेम, वीर और हास्य रस में नोंक-झोंक

    Updated: Mon, 02 Mar 2026 06:48 AM (IST)

    भागलपुर में मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में साहित्य, हास्य और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। शशि श्रेया, यशदीप कौशिक ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर के मारवाड़ी पाठशाला में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन (म‍ित्र वसंत गोष्‍ठी) में पहुंचे देश के बेहतरीन कव‍ि।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। फागुन की चांदनी रात में मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन (म‍ित्र वसंत गोष्‍ठी) ने साहित्य, हास्य और भावनाओं का अनूठा संगम पेश किया। उद्घाटन के बाद कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसे कवयित्री शशि श्रेया ने सुमधुर स्वर में प्रस्तुत किया और माहौल को गरिमा प्रदान की। हरियाणा से आए हास्य कवि यशदीप कौशिक ने अपने चुटीले व्यंग्यों से दर्शकों को खूब हंसाया, जिसमें हरियाणा के ताऊ और दिल्ली के वकील पर मजाक शामिल था।

    हास्य और भावनाओं का संगम

    दिनेश देशी घी ने “मां ममता है, पिता प्यार है…” जैसी भावपूर्ण कविताओं के जरिए माता-पिता के प्रति सम्मान और स्नेह का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया और सोचने पर मजबूर किया। इसके अलावा “तेरी पलक झपकी बुलडोजर अटकी” जैसी पंक्तियों पर भी तालियों की गड़गड़ाहट हुई। दिल्ली से आए हास्य कवि महेंद्र अजनबी ने भारतीय रेल की भीड़भाड़ और नए-नवेले दूल्हे व ट्रेन की देरी पर आधारित कविताओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। वहीं शशि श्रेया की पंक्तियाँ “पुरुष जब जिम्मेदारियां निभाते हैं तो हिमालय हो जाते हैं” और “रोग ले तो मजनू…” ने समाज और युवाओं के संघर्ष और भावनाओं को व्यक्त किया।

    Bhagalpur Kavi Sammelan2

    मंच संचालन में संजय झाला का जलवा

    जयपुर से आए कवि संजय झाला ने मंच संचालन किया और अपनी विशिष्ट शैली में कविता प्रस्तुत की। उनकी पंक्तियाँ “हमारा अपराध यही है हम पढ़ लिख गए” पर भी श्रोताओं ने जोरदार तालियों से प्रतिक्रिया दी। विनीत चौहान की देशभक्ति कविताओं ने वातावरण में जोश और ऊर्जा भर दी। फागुन की इस सुहानी रात में आयोजित साहित्य रंग उत्सव में हास्य, ओज, श्रृंगार और संवेदना के विविध रंग दिखाई दिए, जिसने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। हल्की ठंड के बावजूद कविताओं की गर्माहट ने माहौल को जीवंत बनाए रखा।

    63वीं अखिल भारतीय वसंत गोष्ठी का भव्य उद्घाटन

    मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित 63वीं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सह वसंत गोष्ठी का उद्घाटन सांसद अजय मंडल, एमएलसी डॉ. एनके यादव, डिप्टी मेयर सलाउद्दीन अहसन, प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोड़, शंभू दयाल खेतान और शिक्षाविद राजीव कांत मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांसद अजय मंडल ने कहा कि साहित्य और संस्कृति समाज को जोड़ने की मजबूत कड़ी हैं और ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय परंपरा, भाषा और संस्कारों से जोड़ते हैं। हास्य, वीर और श्रृंगार रस की कविताओं ने श्रोतागण को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुल मिलाकर फागुन की यह साहित्यिक रात हास्य, ओज, संवेदना और देशभक्ति का अनुपम मिश्रण पेश कर दर्शकों के लिए यादगार बनी।

    Bhagalpur Kavi Sammelan1

    मारवाड़ी पाठशाला का शताब्दी वर्ष

    शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था मारवाड़ी पाठशाला इस समय अपने शताब्दी वर्ष का जश्न मना रही है। इस अवसर पर पूर्व छात्रों का विशेष मिलन और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। स्वागत अध्यक्ष जगदीश चंद्र मिश्र ‘पप्पू’ ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय के विकास, आधुनिक संसाधनों का विस्तार, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण और छात्रवृत्ति योजनाओं पर विशेष चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों के सहयोग से स्कूल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले।

    यह भी पढ़ें- बिहार के JDU MP ने पूछा- प्रेमिका की हंसी कैसी होती है? शशि श्रेया ने ली चुटकी- वाह मंडल जी!