Model School Admission 2026 : भागलपुर में 16 स्कूलों में नामांकन, ये हैं जरूरी शर्तें, मौका 30 अप्रैल तक
मॉडल स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भागलपुर के 16 मॉडल स्कूलों में कक्षा 9 के लिए कुल 640 सीटों पर दाखिला ह ...और पढ़ें

मॉडल स्कूल एडमिशन अपडेट: मेरिट के आधार पर होगा चयन, जानें पूरी प्रक्रिया, पिछले दिनों हंगामा हुआ था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बेहतर पढ़ाई और आधुनिक सुविधाओं वाले मॉडल स्कूलों में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य भर के 534 मॉडल स्कूलों में प्रवेश होगा, जबकि भागलपुर जिले के 16 मॉडल स्कूलों में भी दाखिले की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कक्षा 9 में मुख्य रूप से होगा नामांकन
इस वर्ष प्रमुख रूप से कक्षा 9 में नामांकन लिया जाएगा। कक्षा 10, 11 और 12 में पूर्व की तरह ही प्रवेश जारी रहेगा। प्रत्येक मॉडल स्कूल में कक्षा 9 के लिए कम से कम 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। भागलपुर जिले में कुल 640 सीटों पर दाखिला होगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सेक्शन भी शुरू किए जा सकते हैं।
बालिका मॉडल स्कूल में सिर्फ छात्राओं का प्रवेश
जिन विद्यालयों को बालिका मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है, वहां केवल छात्राओं का ही नामांकन होगा। इन स्कूलों में छात्रों का प्रवेश नहीं लिया जाएगा। साथ ही संबंधित आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं भी वहीं पढ़ाई करेंगी।
निजी स्कूल के छात्रों को फिलहाल नहीं मिलेगा मौका
इस बार निजी विद्यालयों के छात्रों का सामान्य रूप से नामांकन नहीं किया जाएगा। हालांकि विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले वर्षों में कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के जरिए उन्हें भी अवसर दिया जा सकता है।
मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश
कक्षा 9 में दाखिले के लिए राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में सफल विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
अधिक आवेदन पर बनेगी मेरिट सूची
यदि किसी स्कूल में 40 से अधिक आवेदन आते हैं, तो अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की मेरिट सूची तैयार कर नामांकन दिया जाएगा। वहीं यदि योग्य विद्यार्थियों की संख्या कम रहती है, तो कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले अन्य इच्छुक छात्रों को मौका मिलेगा।
दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज
नामांकन के समय छात्रों को विद्यालय छोड़ने का प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण और पांच पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होंगे।
30 अप्रैल अंतिम तिथि, समय पर करें आवेदन
मॉडल स्कूलों में नामांकन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तय की गई है। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रधानाध्यापक की होगी जिम्मेदारी
पूरी नामांकन प्रक्रिया की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापक पर होगी। आवेदन लेना, कागजात की जांच करना, मेरिट सूची जारी करना और समय पर दाखिला सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी रहेगी।
अफवाहों से बचें, स्कूल से लें जानकारी
नामांकन से जुड़ी सभी जानकारी संबंधित मॉडल स्कूल के सूचना पट्ट, प्रधानाध्यापक कार्यालय और जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त की जा सकती है। अभिभावकों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सीधे विद्यालय से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।