Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर में स्मार्ट सिटी कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

    Updated: Tue, 10 Feb 2026 02:14 AM (IST)

    नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भागलपुर में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के रखरखाव और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    सांकेतिक तस्वीर

    स्मार्ट व्यू- पूरी खबर, कम शब्दों में

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर में संचालित स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति और रखरखाव को लेकर सोमवार को नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित संवेदकों की होगी।

    इस संबंध में सभी संवेदकों को साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर की सार्वजनिक दीवारों पर कराई गई थ्री-डी पेंटिंग कई स्थानों पर बदरंग हो चुकी है।

    इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदकों को नए सिरे से पेंटिंग कराने का आदेश दिया गया। वहीं घंटाघर चौक पर स्थापित हाईमास्ट लाइट के लंबे समय से बंद रहने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित संवेदक से जवाब-तलब किया गया।

    समीक्षा के दौरान शहर में खराब एवं बंद पड़े 25 यूनिट ई-टायलेट का मामला भी सामने आया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित संवेदक को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके अलावा भैरवा तालाब के अधूरे पड़े कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का आदेश दिया गया।

    सैंडिस कंपाउंड के संचालन को लेकर नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को एग्रीमेंट की शर्तों के अनुरूप कार्य करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही शहर में स्थापित सभी सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।

    जर्जर सड़कों की मरम्मत तथा बूढ़ानाथ घाट स्थित रिवर फ्रंट की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो संवेदक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी पर विधानसभा में गरमाई भागलपुर स्पिनिंग मिल की चर्चा, जानिए सरकार का रुख

    यह भी पढ़ें- डॉक्‍टर साहब..! एंटीबायोट‍िक मत दीज‍िए, सुना है यह खतरनाक होती है, कोई ताकत की दवा दे दीज‍िए, प्‍लीज...