Trending

    भागलपुर विक्रमशिला सेतु होकर यात्रा कर रहे हैं तो ध्‍यान दें, वाहनों की लगी है लंबी कतार, नाइट या ऑफ-पीक समय में करें यात्रा

    Updated: Fri, 27 Feb 2026 11:18 AM (IST)

    भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर लगातार चौथे दिन भीषण जाम लगा रहा। एक वाहन खराब होने और रखरखाव कार्य के कारण ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई, जिससे पुल के दोनो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर शहर के लोह‍िया पुल पर जाम।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर लगातार चौथे दिन यातायात व्यवस्था चरमराई रही। बुधवार रात एक वाहन के खराब होने के बाद गुरुवार सुबह अचानक ट्रैफिक लोड बढ़ गया। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं और गाड़ियां रुक-रुक कर चलती रहीं। शुक्रवार सुबह से भी व‍िक्रमश‍िला पुल पर जाम लगा हुआ है। यहां तक क‍ि पुल के दोनों तरफ 10-10 क‍िलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई है। सुबह दफ्तर और कामकाज के लिए निकले लोगों को भारी परेशानी हुई। कई बारातियों की गाड़ियां भी जाम में फंसी रहीं। इमरजेंसी सेवाओं से जुड़ी गाड़ियां भी देर तक जाम में अटकी रहीं, जिससे आम लोगों की चिंता और बढ़ गई।

    वन-वे ट्रैफिक से मिली थोड़ी राहत

    दोपहर में स्थिति कुछ सामान्य हुई, लेकिन मेंटेनेंस कार्य के कारण वाहनों को वन-वे कर चलाया गया। इसके बावजूद गुरुवार देर रात तक रुक-रुक कर जाम बना रहा। बाईपास पर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। सबौर रोड और ओवरब्रिज पर भी वाहनों की भीड़ रही। पूर्णिया की ओर से आने वाली बसें और भागलपुर से खुलने वाली बसें देरी से चलीं। नाइट बसें भी निर्धारित समय से काफी देर बाद पहुंचीं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।

    पुलिस और यातायात प्रबंधन की कोशिशें

    कई थानों की पुलिस और दोनों ओर की टीओपी के जवान जाम हटाने में लगे रहे। ट्रैफिक दबाव अधिक होने के कारण आम लोगों को खास राहत नहीं मिल सकी। ट्रैफिक पुलिस ने ओवरटेकिंग करने वाले 30 वाहनों पर जुर्माना भी लगाया। शहर में निशान यात्रा के चलते भी कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही।

    शहर में जाम और पाइप फटने की वजह से परेशानी

    भागलपुर शहर में जाम लग गया है। लोह‍िया पुल पर भी वाहनों की कतार लग गई है। घंटाघर रोड में पाइप फटने के कारण शाम में जबरदस्त जाम लग गया। घंटाघर चौक, कचहरी चौक, खलीफाबाग सहित कई इलाके देर शाम तक यातायात बाधित रहे। लगातार तीसरे दिन जाम की स्थिति के चलते आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लोगों को काम और घर पहुंचने में घंटों की देरी का सामना करना पड़ा।

    आम लोगों की शिकायत और प्रशासन की चुनौती

    स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए। यातायात विशेषज्ञों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर पुल पर आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की जरूरत है।