Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे की नो-वेटिंग! बिहार के 6 शहरों से हरियाणा के 12 शहरों के लिए सरकारी बस सेवा, मोबाइल ऐप से बुक करा लें सीट

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 05:59 PM (IST)

    बिहार के 6 शहरों से हरियाणा के 12 शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी, जिससे प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी। बिहार और हरियाणा राज्य परिवहन निगमों ...और पढ़ें

    भागलपुर-पटना समेत बिहार के 6 शहरों से हरियाणा के लिए चलेगी 149 नई लग्जरी स्लीपर बसें

    भागलपुर-पटना समेत बिहार के 6 शहरों से हरियाणा के लिए चलेगी 149 नई लग्जरी स्लीपर बसें

    HighLights

    1. बिहार-हरियाणा के 6 शहरों से 12 शहरों के लिए सीधी बस सेवा।

    2. BSRTC और हरियाणा परिवहन निगम के बीच 10 साल का समझौता।

    3. अगस्त से शुरू होगी सेवा, मोबाइल ऐप से सीट बुकिंग संभव।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार से रोजगार और नौकरी के सिलसिले में हरियाणा जाने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों, कामगारों और आम यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अब भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, गया और राजधानी पटना समेत बिहार के 6 प्रमुख शहरों से गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत सहित हरियाणा के 12 बड़े शहरों के लिए सालभर सीधी बस सेवा चलेगी। इस ऐतिहासिक पहल को लेकर सोमवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) और हरियाणा राज्य परिवहन निगम के बीच अगले 10 वर्षों के लिए स्टेज कैरिज परमिट के तहत एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

    इन शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में लगी अंतिम मुहर

    विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस नई अंतरराज्यीय बस सेवा का विधिवत परिचालन आगामी अगस्त महीने से पूरी तरह शुरू कर दिए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इस महत्वपूर्ण समझौते पर हरियाणा परिवहन के अपर मुख्य सचिव श्री राजशेखर वुंडरु और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने आधिकारिक हस्ताक्षर किए। हाई-प्रोफाइल बैठक के दौरान परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, यात्री प्रबंधन पवन कुमार शांडिल्य सहित दोनों राज्यों के कई वरिष्ठ अधिकारी और डीजी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

    निगम ने खरीदीं 149 चमचमाती नई एसी और नॉन-एसी बसें

    यात्री प्रबंधक पवन कुमार शांडिल्य ने बताया कि यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए निगम ने हाल ही में 149 अत्याधुनिक एसी और नॉन-एसी बसों की नई खेप खरीदी है। इन सभी नई बसों को बिहार के अलग-अलग प्रमंडलीय डिपो में भेज दिया जाएगा, जिसके साथ ही पीपीपी (PPP) मॉडल पर लग्जरी एसी और नॉन-एसी स्लीपर बसों का भी संचालन किया जाएगा। लंबी दूरी का यह सफर पूरी तरह से हाईटेक होगा, जिसके लिए परिवहन निगम बहुत जल्द अपना आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जिससे लोग घर बैठे ही अपनी सीट बुक कर सकेंगे।

    प्रवासियों को वेटिंग टिकट के झंझट से मिलेगी आजादी

    सुरक्षा के लिहाज से इन सभी अंतरराज्यीय बसों में जीपीएस आधारित लाइव ट्रैकिंग, सुरक्षा गार्ड, पैनिक बटन और सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मॉनिटरिंग सीधे मुख्य डिपो से होगी। इस सीधी सेवा का सबसे बड़ा फायदा उन गरीब मजदूरों को मिलेगा, जिन्हें त्योहारों या आपातकाल के समय ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण घर आने-जाने में भारी प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से बेहद कम किराए और रूट चार्ट के साथ इस नई अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तृत नोटिफिकेशन और टाइम-टेबल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।

    खबरें और भी