बिहार-झारखंड के यात्रियों को रेलवे का तोहफा, दिल्ली और बंगाल के लिए चलेंगी जनरल कोच वाली स्पेशल ट्रेनें
छठ महापर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने गोड्डा-शकूरबस्ती और हावड़ा-जमालपुर के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
-1795023694950_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गोड्डा-शकूरबस्ती अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 नवंबर से चलेगी।
हावड़ा-जमालपुर वन-वे स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों के लिए उपलब्ध।
सांसदों ने रेल सुविधाओं के विकास पर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। छठ महापर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने गोड्डा और शकूरबस्ती के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
इससे बिहार और झारखंड के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा होगी। भागलपुर, अजगैवीनाथ धाम और जमालपुर के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
ट्रेन संख्या 03459 गोड्डा-शकूरबस्ती अनारक्षित स्पेशल 19 नवंबर से 25 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे गोड्डा से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2.15 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03460 शकूरबस्ती-गोड्डा अनारक्षित स्पेशल 20 नवंबर से 26 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3.30 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी और अगले दिन रात 10.30 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन प्रयागाहाट हाल्ट, हंसडीहा, मंदारहिल, बाराहाट, धौनी, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
हावड़ा-जमालपुर के बीच चलेगी वन-वे अनारक्षित स्पेशल
छठ महापर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे हावड़ा और जमालपुर के बीच वन-वे अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
इससे पश्चिम बंगाल से बिहार आने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। भागलपुर, सुल्तानगंज और जमालपुर के यात्रियों को भी इसका लाभ होगा।
ट्रेन संख्या 03023 हावड़ा-जमालपुर वन-वे अनारक्षित स्पेशल 19 से 25 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे हावड़ा से रवाना होगी और उसी दिन शाम 5:30 बजे जमालपुर पहुंचेगी। ट्रेन का रास्ते में 21 स्टेशनों पर ठहराव होगा।
रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दे सांसदों ने उठाए
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के नेतृत्व में मालदा और आसनसोल मंडलों की मंडल समिति की बैठक हुई।
इसमें अपर महाप्रबंधक शीलेन्द्र प्रताप सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष, आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य, मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल भी बैठक में मौजूद रहे।
सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने रेल सुविधाओं के विकास तथा यात्री हितों से जुड़े मुद्दे उठाए। इनमें विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव, आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस और हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का सुल्तानगंज स्टेशन पर ठहराव, विक्रमशिला एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेन, दुमका से दक्षिण भारत के लिए नई ट्रेन और गिरिडीह-देवघर व आसनसोल-गिरिडीह के बीच नई ट्रेन सेवाएं शामिल थीं। सिउड़ी-हावड़ा और रामपुर-देवघर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने का मुद्दा भी उठाया गया।