विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में चौसा-सासाराम स्टेट हाईवे पर बनेगा नया टोल प्लाजा, दो पहिया और कृषि यंत्रों को मिलेगी टैक्स से छूट

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:36 PM (IST)

चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे (एसएच-17) पर टोल वसूली का रास्ता साफ हो गया है, जिसके लिए बक्सर के सैतापुर में टोल प्लाजा बनाने की तैयारी है।  

चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे। फोटो जागरण

चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे। फोटो जागरण

HighLights

  1. चौसा-सासाराम स्टेट हाईवे पर टोल वसूली का रास्ता साफ।

  2. बक्सर के सैतापुर में टोल प्लाजा निर्माण की तैयारी जारी।

  3. बिहार सरकार ने वाहनों के लिए उपयोगकर्ता शुल्क दरें निर्धारित कीं।

जागरण संवाददाता, बक्सर। चौसा-कोचस-सासाराम स्टेट हाईवे (एसएच-17) पर टोल वसूली का रास्ता साफ होने लगा है। बिहार सरकार ने राज्य के स्टेट हाईवे पर उपयोगकर्ता शुल्क की दरें निर्धारित करने के बाद इस सड़क पर भी शुल्क वसूली के लिए अलग आदेश जारी कर दिया है।

इस हाईवे पर बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत सैतापुर में टोल प्लाजा बनाने की तैयारी है। पथ निर्माण विभाग ने इसके लिए वन स्वीकृति प्रस्ताव दाखिल कर दिया है।

इसके लिए 0.55 हेक्टेयर जमीन की जरूरत बताई गई है। इसमें 0.192 हेक्टेयर वन भूमि और 0.36 हेक्टेयर गैर वन भूमि शामिल है। यह प्रस्ताव फिलहाल वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) के स्तर पर जांच और अनुशंसा के लिए लंबित है।

चौसा-कोचस खंड पर नायरा पेट्रोल पंप और जमौली पुल के बीच सैतापुर के पास 49.800 किलोमीटर पर टोल प्लाजा बनाने की योजना है। इसके निर्माण पर 1.45 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

वाहनों की श्रेणी के अनुसार प्रति किलोमीटर दर तय

यह फिलहाल इंटरमीडिएट लेन की सड़क है। बिहार सरकार की नई पथ उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली-2026 के तहत 5.5 मीटर चौड़ी मध्यवर्ती लेन वाली सड़क पर कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए 0.625 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है।

हल्के वाणिज्यिक वाहनों, हल्के मालवाहक वाहनों और मिनी बसों के लिए एक रुपये, बस और दो एक्सल वाले ट्रकों के लिए 2.125 रुपये, तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क निर्धारित है।

वहीं, चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों और निर्माण मशीनरी के लिए 3.325 रुपये तथा सात या अधिक एक्सल वाले बड़े वाहनों के लिए 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। शुल्क की गणना के बाद देय राशि को निकटतम पांच रुपये में पूर्णांकित किया जाएगा।

नियमावली में दोपहिया, तिपहिया, ट्रैक्टर, कंबाइन हार्वेस्टर और पशु चालित वाहनों को शुल्क से छूट का प्रविधान है। एक बार टोल प्लाजा बनकर तैयार होने के बाद प्रति वाहन दर की अंतिम सूची अधिसूचित की जाएगी।

70 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगते हैं ढाई घंटे से अधिक

चौसा-कोचस-सासाराम मार्ग बक्सर और रोहतास जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राज्य राजमार्ग है। करीब 70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर खराब सड़क के कारण वाहनों को एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में ढाई घंटे से अधिक समय लग रहा है।

इस हिसाब से औसत गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे से भी कम है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा बनाने की योजना पर सवाल उठाए हैं।

उनका कहना है कि पहले सड़क की स्थिति सुधारी जाए, इसके बाद शुल्क वसूली की व्यवस्था की जाए। खराब सड़क से बचने के लिए वाहन चालक ईसापुर-संगरांव-खीरी जैसे समानांतर ग्रामीण मार्गों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- विदेशी पर्यटकों को खूब लुभा रहा बिहार का सोनपुर मेला, स्विस कॉटेज में जापानी सैलानियों का डेरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।