Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में भीषण आग के सामने लाचार अग्निशमन, टैंकर खाली होने में लगे 20 मिनट

    By Amit Kumar Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 08:12 PM (IST)

    दरभंगा के नवटोलिया में भीषण आग बुझाने में अग्निशमन विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी, छोटी दमकल गाड़ी अपर्याप्त साबित हुई। 20 मिनट में पानी खत्म होने से ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    अग्निशमन की छोटी गाड़ी से आग पर काबू पाने का प्रयास करते कर्मी। जागरण

    संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। प्रखंड के राजाखरवार पंचायत अंतर्गत नवटोलिया में लगी भीषण आग पर काबू पाने में अग्निशमन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    आग की भयावहता ऐसी थी कि प्रखंड में उपलब्ध एकमात्र छोटी दमकल गाड़ी नाकाफी साबित हुई। हालात ऐसे बन गए थे कि मानो अग्निशमन की गाड़ी खुद ही हांफ रही हो।

    बताया जाता है कि आग बुझाने के दौरान महज 20 मिनट में ही अग्निशमन के दमकल के टैंकर का लगभग 400 लीटर पानी समाप्त हो गया, जिसके बाद उसे बार-बार पानी भरने के लिए जाना पड़ा।

    गनीमत यह रही कि घटनास्थल के नजदीक ही पानी की व्यवस्था उपलब्ध थी, जिससे टैंकर को भरकर पुनः आग बुझाने में लगाया गया। हालांकि, आग की तेज लपटें और उसका विकराल रूप इतना भयावह था कि छोटी गाड़ी उसके सामने बौनी नजर आई।

    दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कई बार चक्कर लगाना पड़ा, तब जाकर स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रित हो सकी। इस दौरान जिला से भी फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी आई लेकिन तब तक आग में सब कुछ जलकर राख हो चुका था।

    घटना ने एक बार फिर प्रखंड में पर्याप्त अग्निशमन संसाधनों की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बड़ी दमकल गाड़ी और बेहतर संसाधनों की व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

    कुशेश्वरस्थान में अगलगी की घटनाओं में पांच घर जले

    संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान । कुशेश्वरस्थान दोनों अंचल के अलग-अलग गांवों में रविवार की दोपहर अगलगी की घटना में पांच घर जलकर राख हो गए। अगलगी की पहली घटना मधुबन गांव में हुई। जिसमें चार लोगों का आशियाना पलभर में आग की भेंट चढ़ गई।

    आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, बिजली के शार्ट सर्किट से कौशल्या देवी के घर में आग लगी।

    तेज पछुआ हवा से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते मधु देवी, प्रमिला देवी और मोती राम के घर को अपने चपेट में ले लिया। आग की लपेटे देखकर ग्रामीण मौके पर जुटे और अपने संसाधनों से आग बुझाने में लग गए।

    काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिससे अन्य घर जलने से बच गए। लेकिन तब तक सभी घर और उसमें रखे अनाज, कपड़ा, फर्नीचर और जरूरी कागजात भी जल कर स्वाहा हो गया।

    घटना की सूचना मुखिया अविनाश कुमार आजाद ने अंचल प्रशासन को दी। फिलहाल पीड़ितों को एक एक सीट पालीथिन दिया गया है। वहीं दूसरी ओर पूर्वी प्रखंड के बड़की कोनिया गांव में हुई अगलगी की घटना में शुभकांत पासवान के घर सहित उसमें रखे सभी सामान जलकर खाक हो गया।

    गृहस्वामी ने किसी तरह जान बचाई। बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने बताया कि पंचायत सचिव को घटना स्थल पर भेजकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तलब किया गया है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दी जाएगी।