कैश, गोल्ड और दिल्ली में फ्लैट...जमीन विवाद के बीच चर्चा में आई BJP MLA मैथिली ठाकुर की संपत्ति
Maithili Thakur Net Worth: जमीन विवाद के बीच भाजपा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर की संपत्ति चर्चा में है। उनके ...और पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति की जानकारी दी थी।
HighLights
मैथिली ठाकुर की कुल संपत्ति 3.82 करोड़ रुपये से अधिक।
उनके पास 408 ग्राम सोना और दिल्ली में फ्लैट।
मुख्य आय स्रोत गायन, सोशल मीडिया और ब्रांड एंडोर्समेंट।
डिजिटल डेस्क, दरभंगा। Maithili Thakur Assets Affidavit 2025: सत्ताधारी दल भाजपा की अलीनगर सीट से विधायक और चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों एक जमीन विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं।
इस विवाद में उन पर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी रास्ते व निजी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। इसी चर्चा के बीच सोशल मीडिया पर लोग उनकी कुल संपत्ति और नेटवर्थ को लेकर भी खूब पूछताछ कर रहे हैं।
हालांकि, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति, कैश, गोल्ड, फ्लैट और वाहनों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया था।
कुल संपत्ति 3.82 करोड़ के पार
चुनाव आयोग को सौंपे गए आधिकारिक हलफनामे और दस्तावेजों के अनुसार, विधायक मैथिली ठाकुर कुल 3 करोड़ 82 लाख 33 हजार 255 रुपये (लगभग 3.82 करोड़) की संपत्ति की मालकिन हैं।
हलफनामे के मुताबिक, नामांकन के समय उनके पास 1.80 लाख रुपये नकद मौजूद थे। उनकी कुल चल संपत्ति (Movable Assets) करीब 2.32 करोड़ रुपये दर्ज की गई है, जिसमें बैंक खातों में जमा राशि और विभिन्न निवेश शामिल हैं। इसके अलावा उनके पास लगभग 408 से 409 ग्राम सोना भी है, जिसकी कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई है।
दिल्ली के द्वारका में फ्लैट
अचल संपत्ति (Immovable Assets) की बात करें तो मैथिली ठाकुर के नाम पर कुल 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। उन्होंने वर्ष 2022 में करीब 47 लाख रुपये की लागत से एक संपत्ति खरीदी थी, जिसका बाजार मूल्य अब बढ़ चुका है।
इसमें दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित एक फ्लैट भी शामिल है। वहीं, वाहनों के नाम पर उनके पास एक होंडा एक्टिवा स्कूटी दर्ज है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
संगीत और सोशल मीडिया से मुख्य कमाई
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के उरेन गांव की मूल निवासी मैथिली ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की है।
चुनावी हलफनामे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनकी वार्षिक आय लगभग 28.67 लाख रुपये दर्ज की गई थी। उनकी कमाई का मुख्य जरिया लाइव सिंगिंग शो, यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ब्रांड एंडोर्समेंट है। शपथ पत्र के मुताबिक उन पर किसी भी तरह की देनदारी या कर्ज नहीं है और न ही कोई आपराधिक मामला दर्ज है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।