Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण में व्यवसायी को गोली मारकर करीब 6 लाख लूटे, बाइक छोड़ भागे अपराधी

    By Someshwar Prasad Verma Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Wed, 22 Apr 2026 08:59 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के आदापुर में बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक व्यवसायी विजय कुमार गुप्ता को गोली मारकर लगभग 5-6 लाख रुपये लूट लिए। घायल व्यवसायी को मोतिहा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    बदमाशों की गोली से घायल व्यवसायी।

    संवाद सहयोगी, आदापुर (पूर्वी चंपारण) । थाना क्षेत्र के औरैया–श्यामपुर पथ पर पुरानी चावल मिल के दक्षिण स्थित पुल के पास बुधवार के देर शाम बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक व्यवसायी को गोली मारकर नकदी से भरा झोला लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

    जानकारी के अनुसार, लाला छपरा चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर श्यामपुर बाजार स्थित घर लौट रहे व्यवसायी हरिहर गुप्ता के पुत्र विजय कुमार गुप्ता को अपराधियों ने निशाना बनाया।

    अपराधियों ने उन्हें रोककर दाहिने पैर के घुटने में गोली मार दी और उनके पास मौजूद रुपये से भरा झोला लूट लिया। बताया जाता है कि झोले में करीब 5 से 6 लाख रुपये थे।

    गोली लगने के बाद विजय कुमार गुप्ता घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।

    घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने व्यवसायी की बाइक भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। इसके बाद अपराधी बाइक को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए।

    पीड़ित ने बताया कि वारदात में तीन अपराधी शामिल थे और सामने आने पर उनकी पहचान करने का दावा किया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पूजा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक व गोली के निशान को सुरक्षित रखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया है।

    थानाध्यक्ष श्री कुमारी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, शाम के समय हुई इस वारदात से स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल व्याप्त है।