Chhath Puja 2026: UK में गूंज रही छठी मइया की जयकार, 15 व्रती कर रहे निर्जला व्रत; पटना से मंगाई गई पूजन सामग्री
यूनाइटेड किंगडम में पांचवें साल सामूहिक छठ पूजा का आयोजन हो रहा है, जिसमें 15 व्रती निर्जला व्रत कर रहे हैं।

टेक्सास में छठ पूजा। जागरण
HighLights
यूके में पांचवें साल सामूहिक छठ पूजा का आयोजन।
15 व्रती पूरे विधि-विधान से निर्जला व्रत कर रहे।
पटना से मंगाई गई पूजन सामग्री, 2000 श्रद्धालु होंगे शामिल।
संवाद सहयोगी, मधुबनी। लोक आस्था के महापर्व की धूम यूनाइटेड किंगडम में भी है। बिहार और झारखंड की संस्कृति, परंपरा और आस्था को विदेश में जीवंत रखने के उद्देश्य से लगातार पांचवें साल सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
इस बार 15 व्रती पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ निर्जला उपवास रखकर भगवान भास्कर और छठी मइया की अराधना में लगे हैं। आयोजन को लेकर यूके में बसे बिहार और झारखंड के प्रवासियों में खासा उत्साह है।
पूर्वी चंपारण के मधुबन प्रखंड स्थित कृष्णानगर वार्ड नंबर 2 निवासी नीतू सिंह और उनके पति रवि भूषण सिंह भी आयोजन में सहभागी हैं। नीतू भी छठ कर रही हैं।
रवि बताते हैं- बिहारी कनेक्ट यूके की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय महापर्व में लंदन और आसपास के शहरों में रहने वाले करीब दो हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले सहित कई शहरों से लोग पहुंचेंगे। संस्था का प्रयास है कि विदेश में रहने वाले बिहार-झारखंड के लोगों को छठ के मौके पर अपने गांव और घर जैसा माहौल मिल सके।
प्रवासियों के लिए यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान और जड़ों से जुड़े रहने का भी माध्यम बन गया है।
आज होगा पहला अर्घ्य
हर साल की तरह इस बार भी छठ पूजा का आयोजन लंदन के ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हौंस्लो में होगा। 13 नवंबर को व्रतियों ने अपने-अपने घरों में नहाय-खाय किया।
14 नवंबर को सामूहिक खरना और लोहंडा होगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा।
पटना से मंगाई गई पूजन सामग्री
छठ पूजा के पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए पीतल का दौरा, सूप, दीया, थाली सहित अन्य पूजन सामग्री पटना से मंगाई गई है।
आयोजन में महिलाओं की ओर से सामूहिक रूप से सात हजार से अधिक ठेकुआ तैयार किया जा रहा। इन्हें पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के साथ यूके के दूर-दराज के शहरों में रहने वाले बिहार-झारखंड के परिवारों तक भी पहुंचाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ अर्घ्य स्थल, सुरक्षा और प्रसाद सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन में निश्शुल्क भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था रहेगी।
बच्चों के लिए खेलकूद, पेंटिंग और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। संस्था के 25 वालंटियर अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालेंगे।
बिहारी कनेक्ट यूके से बिहार और झारखंड के करीब 1500 परिवार जुड़े हैं। संस्था की ओर से हर साल होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस, लिट्टी पार्टी ऑन सी-बीच और सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जाता है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन में सीट नहीं मिली तो खुद थामी स्टीयरिंग, छठ मनाने 20 घंटे का सफर कर हरियाणा से बिहार पहुंचे अविनाश
यह भी पढ़ें- छठ घाट पर जाते समय बच्चों के जेब में ये रखें ये पर्ची, मुजफ्फरपुर प्रशासन ने सुरक्षा के लिए जारी की एडवाइजरी