बिहार में प्रेमी जोड़े को मिली प्यार करने की सजा, पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, 8 गिरफ्तार
मोतिहारी में एक प्रेमी जोड़े को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। प्रेमी ने 35 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित के अनुसार, उसकी प्रेमिका की मर्जी के बिना सगाई कर दी गई थी, जिसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें अगवा कर पेड़ से बांधकर पीटा गया।
-1762016544960.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
संवाद सहयोगी, मोतिहारी। मुफस्सिल थानाक्षेत्र के पतौरा लाला टोला गांव में एक प्रेमी-जोड़े को रस्सी से बांधकर पेड़ में लटका कर मारपीट करने की घटना सामने आई है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
इस सिलसिले में प्रेमी राजेश्वर साह ने पुलिस को आवेदन देकर 35 नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। सदर-टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित चंदन पटेल, कुंदन पटेल, शिव पटेल, सोनेलाल साह, राजू साह, चंदेश्वर साह, झगरू साह व ठग साह को गिरफ्तार किया है।
जख्मी राजेश्वर ने पुलिस को बताया है कि गांव की ही लड़की के साथ एक साल से प्रेम संबंध है। 29 अक्टूबर को लड़की की रजामंदी के बिना उसका छेका कर दिया गया। जब उसने विरोध किया तो उसे मारपीट कर रात में घर से निकाल दिया गया। फिर जब वह पास आई तो मेरे पिता ने लड़की के पिता व स्वजनों को समझाने की कोशिश की।
उनके घर जाकर अपने पुत्र से शादी कराने की बात भी कही। इसे सुनते ही उसके स्वजन उग्र हो गए व मेरे पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। जब लड़की को लेकर डॉक्टर के यहां दिखाने जा रहा था, तब मोतिहारी मीना बाजार के पास ऑटो पड़ाव के पास ऑटो पर सवार होकर राधा देवी, मीना देवी, ठग साह व अरविंद कुमार आए व दोनों को बोला कि हमारे साथ चलो सड़की के माता-पिता से बात हो गई है।
ऑटो पर सवार होकर छतौनी चौक के पास पहुंचे कि वहां पहले से दूसरे ऑटो पर मौजूद चंदन पटेल, कुंदन पटेल, बेबी देवी शिव पटेल सोने लाल साह, संदीप कुमार, बीरा देवी, उर्मिला देवी व गीता देवी दोनों को जबरन मारपीट करते हुए ब्रह्म स्थान पतौरा उच्च विद्यालय के पास ले गए व मारपीट करने लगे।
इस क्रम में सोने का आभूषण व नकदी 25 हजार छीन लिया। फिर बरगद के पेड में लटका कर लाठी डंडा से मारपीट करने लगे। डायल 112 की टीम शुक्रवार को सूचना पर पहुंची तो जान बची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष अंबेश कुमार व दारोगा शाहरूख खान के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर आठ को गिरफ्तार किया है। शेष की खोज की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।