विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन में टिकट नहीं मिला तो क्या हुआ? छठ का दउरा उठाने दिल्ली से पैदल ही पूर्वी चंपारण आ गया युवक

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:55 AM (IST)

Delhi to Bihar Walk for Chhath Puja: दिल्ली में काम करने वाले छोटू ने छठ पूजा के लिए ट्रेन टिकट ...और पढ़ें

अकेली मां की परेशानी को देखते हुए छोटू ने यह महा संकल्प लिया।

अकेली मां की परेशानी को देखते हुए छोटू ने यह महा संकल्प लिया।

HighLights

  1. छोटू ने छठ पूजा के लिए 1035 किमी पैदल यात्रा की।

  2. दिल्ली से पूर्वी चंपारण 11 दिन में पैदल सफर पूरा।

  3. मां के प्रति अटूट श्रद्धा और संस्कृति का अनूठा उदाहरण।

संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। Bihar Migrant Walk 1035 KM: लोक आस्था के महापर्व 'छठ' के प्रति बिहार के लोगों की दीवानगी और अटूट श्रद्धा का एक ऐसा अद्भुत और मार्मिक नजारा सामने आया है जिसने अच्छे-अच्छों को हैरान कर दिया है। 

महानगरों से घर लौटने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है। प्राइवेट गाड़ियों के मनमाने किराए गरीबों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं और ट्रेन के टिकटों की मारामारी ने प्रवासियों की उम्मीदों को तोड़ कर रख दिया है।

लेकिन, जब बात अपनी मां के व्रत और छठी मइया की आराधना की हो तो बिहार के युवाओं के हौसले के आगे हजारों किलोमीटर की दूरियां भी सिमटकर रह जाती हैं। 

पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र के गड़हिया बाजार स्थित सिरौली गांव के रहने वाले एक युवा छोटू ने जो कर दिखाया उसने दरभंगा की 'साइकिल गर्ल' ज्योति कुमारी और बेंगलुरु से ऑटो से आने वाले चार दोस्तों की दास्तां को भी पीछे छोड़ दिया है। 

tyu

मां के लिए ठान ली जिद 

दिल्ली में रहकर टाइल्स लगाने और मेहनत-मजदूरी करने वाले छोटू की मां मीना देवी वर्षों से छठ का कठिन व्रत करती आ रही हैं। इस बार जब पर्व नजदीक आया और छोटू ने घर लौटने के लिए ट्रेनों में टिकट टटोला तो हर तरफ निराशा हाथ लगी।

ट्रेनों में लंबी वेटिंग और बसों में भारी भीड़ देखकर कोई भी आम इंसान अपना प्लान रद कर देता, लेकिन छोटू का दिल यह मानने को तैयार नहीं था कि घर पर उनकी मां अकेली हैं और छठ के पावन मौके पर दउरा उठाने वाला कोई नहीं है। 

अकेली मां की सुध और छठी मइया के प्रति अगाध आस्था ने उसे एक ऐसा ऐतिहासिक और साहसिक फैसला लेने पर मजबूर कर दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। 

tyu 1

कंधे पर तिरंगा और पीठ पर बैनर 

बिना किसी संसाधन के छोटू ने दिल्ली से अपने गांव की 1035 किलोमीटर लंबी दूरी पैदल ही नापने का संकल्प ले लिया। अपनी पहचान और इस पवित्र यात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट रखने के लिए उसने अपने एक हाथ में देश की शान तिरंगा झंडा और पीठ पर एक बैनर टांग लिया।

उसने दिल्ली की सड़कों से अपनी इस महा-पदयात्रा का आगाज किया। वह दिनभर धूप और धूल के बीच चलता रहता और रात होने पर किसी सार्वजनिक स्थल या खुले आसमान के नीचे विश्राम करता, फिर सुबह सूरज की पहली किरण के साथ अपने कदम आगे बढ़ा देता। 

tyu 2

11 दिनों का कठिन सफर 

इस 11 दिनों की लंबी और थका देने वाली पदयात्रा के दौरान छोटू के जज्बे को देश की जनता का भरपूर प्यार मिला। रास्ते में कई जगहों पर लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया और कई दयालु वाहन चालकों ने लगभग 100 किलोमीटर तक उन्हें लिफ्ट देकर इस सफर को थोड़ा आसान भी बनाया।

आखिरकार, अपनी जिद, खून के रिश्ते की उस खींच और आस्था की ताकत के बल पर 11 दिनों का यह दुर्गम सफर तय कर छोटू जब अपने गांव सिरौली पहुंचा तो उसके चेहरे पर थकान का एक भी निशान नहीं, बल्कि अपनों के बीच पहुंचने की अलौकिक खुशी साफ झलक रही थी। 

यह बात सिर्फ एक बेटे के पैदल चलने की नहीं है, बल्कि यह उस अटूट संकल्प का प्रमाण है जो दुनिया के किसी भी कोने में बैठे बिहारी को अपनी माटी और अपनी संस्कृति से जोड़े रखता है।

यह भी पढ़ें- टिकट नहीं मिला तो बेंगलुरु से ऑटो से पूर्वी चंपारण पहुंचे, छठ के प्रति आस्था ने दिलाई साइकिल गर्ल की याद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।