वाणावर पहाड़ी की खूबसूरती निहारना अब होगा आसान, अंतिम चरण में पहुंचा रोपवे का काम; प्रशासन ने तेज की कवायद
जहानाबाद में ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ी रोपवे परियोजना अंतिम चरण में है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन आसान होगा।

वाणावर पहाड़ी की खूबसूरती निहारना अब होगा आसान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
वाणावर रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में।
बिजली आपूर्ति, तकनीकी जांच, वन स्वीकृति प्रक्रियाएं लंबित।
पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा नया बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ी की खूबसूरती निहारने और बाबा सिद्धेश्वर नाथ के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद है। वाणावर रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
अब बिजली आपूर्ति, तकनीकी जांच और वन विभाग से जुड़ी कुछ प्रक्रियाएं पूरी होनी बाकी हैं, जिसे पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।
सुगम और सुविधाजनक आवागमन का साधन
सब कुछ तय समय पर पूरा हुआ तो पर्यटकों और श्रद्धालुओं को पहाड़ी तक पहुंचने के लिए सुगम और सुविधाजनक आवागमन का साधन मिल सकेगा। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में दामोदर रोपवेज इंफ्रा लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें परियोजना की प्रगति और लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों के साथ बैठक करती जिलाअधिकारी (सौ. जागरण)
जिलाधिकारी ने बिजली आपूर्ति और आवश्यक विद्युत अधिष्ठापन के कार्यों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। साथ ही, रोपवे की तकनीकी जांच के लिए राइट्स की नियुक्ति को लेकर बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम और पर्यटन विभाग के सचिव के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने की बात कही।
नियमानुसार वन स्वीकृति प्राप्त करने का निर्देश
वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन के लिए परिवेश पोर्टल के माध्यम से नियमानुसार वन स्वीकृति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। रोपवे के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए परियोजना स्थल पर निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। बैठक में परियोजना एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रमुख अबीर राय और परियोजना प्रबंधक सुभाषीष मैती उपस्थित रहे।
पर्यटन के साथ रोजगार को मिलेगी नई उड़ान
वाणावर रोपवे का संचालन शुरू होने से जिले के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अभी पहाड़ी तक पहुंचने में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। रोपवे शुरू होने से आवागमन आसान होगा। इससे स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और छोटे कारोबारियों के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय से शेष कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड भी परियोजना के क्रियान्वयन में सहयोग कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।