विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिसंबर में रद रहेंगी बिहार-झारखंड से दक्षिण भारत और छत्तीसगढ़ जाने वाली 16 ट्रेनें, रेलवे ने जारी की लिस्ट

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:08 AM (GMT+05:30)

झारसुगुड़ा यात्री यार्ड के पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण नवंबर अंत से दिसंबर मध्य तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस मेगा ब्लॉक से 12 एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह रद और 4 ट्रेनों का मार्ग आंशिक रूप से बदला गया है।

दिसंबर में रद रहेंगी दक्षिण भारत और छत्तीसगढ़ जाने वाली 16 ट्रेनें

दिसंबर में रद रहेंगी दक्षिण भारत और छत्तीसगढ़ जाने वाली 16 ट्रेनें

संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत झारसुगुड़ा यात्री यार्ड के पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक रेल परिचालन बड़े पैमाने पर प्रभावित रहेगा।

इस मेगा ब्लॉक की वजह से आसनसोल-जसीडीह रेलखंड से होकर गुजरने वाली एक दर्जन एक्सप्रेस ट्रेनें विभिन्न तिथियों में पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि चार प्रमुख ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा।

गुरुवार शाम आसनसोल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की असुविधा के लिए खेद जताते हुए अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।

विज्ञप्ति के अनुसार, 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 05, 08 व 12 दिसंबर को रद रहेगी, वहीं वापसी में 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस 01, 08, 11 और 15 दिसंबर को नहीं चलेगी।

इसी प्रकार 12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस 25 नवंबर व 02 दिसंबर को और 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस 28 नवंबर व 05 दिसंबर को रद रहेगी।

दक्षिण भारत और बिहार के बीच चलने वाली 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 07 व 14 दिसंबर को तथा 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 10 व 17 दिसंबर को रद कर दी गई है।

इसके अलावा 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर, 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर, 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर, 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर, 17321 वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 11 दिसंबर तथा 17322 जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस 14 दिसंबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद रहेंगी।

इसके साथ ही चार ट्रेनों के मार्ग में आंशिक कटौती की गई है। इसके तहत 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा 04 से 15 दिसंबर तक राउरकेला स्टेशन तक ही जाएगी, जबकि वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा 05 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से ही आरा के लिए प्रस्थान करेगी।

इन तिथियों में राउरकेला और दुर्ग के बीच ट्रेन का परिचालन रद रहेगा। इसी तरह 15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 06 दिसंबर और 08 से 15 दिसंबर तक हटिया में ही समाप्त हो जाएगी।

वहीं, 15027 संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 01 दिसंबर, 07 दिसंबर और 09 से 16 दिसंबर तक संबलपुर के स्थान पर हटिया से ही गोरखपुर के लिए रवाना होगी। इन तिथियों पर हटिया से संबलपुर के बीच रेल सेवा स्थगित रहेगी।

यह भी पढ़ें- सरयू-कमला एक्सप्रेस में बुकिंग शुरू, 3AC इकोनॉमी 875 तो स्लीपर का किराया मात्र 360 रुपये

यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर का सफर अब बेहद आसान, हर शनिवार सीतामढ़ी होकर चलेगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।