बिहार में निगरानी टीम का एक्शन, 2.5 लाख रुपये घूस के साथ राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
बिहार में निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कर्मचारी जमीन के एक मामले में रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने पर निगरानी टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों पकड़ा। कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बीच में गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी
जागरण संवाददाता, किशनगंज। मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित एक होटल से 2.5 लाख रुपए घूस ले रहे एक राजस्व कर्मचारी को निगरानी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी।
शिकायत में कहा था कि जमीन के दाखिल-खारिज परिमार्जन के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान के द्वारा 2.5 लाख की मांग की जा रही है। शिकायत के आलोक में निगरानी विभाग की टीम के द्वारा मामले की जांच की गई।
मामला सत्य पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित अभिषेक होटल से घूस लेते हुए राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
निगरानी के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि वादी ओवेस अंसारी ने परिमार्जन के लिए अंचल अधिकारी को आवेदन दिया था। जिसके बाद उन्हें राजस्व कर्मचारी के पास भेजा गया। जहां राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान ने घूस की मांग की। 2.5 लाख रुपए में मामला तय हुआ।
जिसके बाद आज सात सदस्यीय टीम के द्वारा कार्रवाई करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद कर्मियों में हड़कंप मच गया। निगरानी विभाग की टीम घूसखोर कर्मचारी को अपने साथ ले जाने में जुटी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।