मधुबनी में बड़ा उलटफेर, रालोमो के माधव आनंद ने समीर महासेठ को हराया
Madhubani election Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आने लगे हैं। मधुबनी में एनडीए को स्पष्ट बढ़त है। झंझारपुर सीट की बात करें तो यहां से नीतीश मिश्रा ने रिकार्ड मत से जीत हासिल की है। वहीं रालोमो ने मधुबनी सीट पर बड़ा उलटफेर करते हुए राजद के बड़े नेता और पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ को हरा दिया।
-1763124480598.webp)
Madhubani vidhan sabha Election Result 2025: जीत के बाद प्रमाण पत्र लेते मधुबनी विधानसभा के विजयी प्रत्याशी माधव आनंद। जागरण
डिजिटल डेस्क, मधुबनी। Madhubani vidhan sabha Election Result 2025 / Bihar vidhan sabha chunav Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतों की गिनती का काम अंतिम चरण में है। कई सीटों के परिणाम भी घोषित हो गए हैं।
बड़ा उलटफेर करते हुए रालोमो के माधव आनंद ने पूर्व मंत्री और दो बार के विधायक समीर कुमार महासेठ को 20768 वोट से हरा दिया। समीर महासेठ को 76975 वोट मिले जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के माधव आनंद को 97743 वोट मिले। यहां एएआईएमआईएम के रशीद खलील ने 12938 और जनसुराज के अनिल कुमार मिश्रा को 8379 वोट मिले।

झंझारपुर से भाजपा प्रत्याशी उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा रिकॉर्ड 54849 मतों से विजयी हुए हैं। सीपीआई के राम नारायण यादव को 53109 वोट मिले यानी उतने वोट भी नहीं मिले जितने का अंतर है।
नीतीश मिश्रा की यह सबसे बड़ी जीत है। मधुबनी की दसों सीटों में सबसे बड़ी जीत है। जन सुराज पार्टी के केशव भंडारी 11563 वोट लेकर जिले में जन सुराज के दसों प्रत्याशी में सबसे ज्यादा वोट लाने वाले बन गए हैं।
बाबूबरही से मीना कुमारी दूसरी बार जीती
मधुबनी की बाबूबरही सीट से जदयू की मीना कुमारी लगातार दूसरी बार जीत गई हैं। उन्होंने राजद के उम्मीदवार अरुण कुमार सिंह को 17973 वोट से हराया है। उन्हें 97947 वोट मिले जबकि अरुण कुमार सिंह को 79974 वोट मिले। जन सुराज पार्टी के आलोक यादव को 7688 वोट मिले।
बेनीपंट्टी में बागी नहीं कर पाए भाजपा को कमजोर
बेनीपट्टी की लड़ाई भाजपा के बागी और कांग्रेस के भितरघाती के कारण दिलचस्प हो गया था। बागी डॉ बी झा मृणाल झा भाजपा का खास नुकसान नहीं कर पाए हैं कांग्रेस के भितरघाती नेताओं ने कांग्रेस को नुकसान जरूर पहुंचाया।
इन सबके बीच भाजपा के विनोद नारायण झा लगातार दूसरी बार यहां से जीत गए। उन्हें 87153 वोट मिले जबकि कांग्रेस के नलिनी रंजन झा उर्फ रुपन झा को 63221 वोट मिले। जन सुराज के परवेज आलम को 4220 वोट मिले। वहीं भाजपा के बागी डॉ बी झा मृणाल को 10643 वोट मिले।
योगी की सभा भी नहीं बचा पाई बिस्फी में भाजपा को
ध्रुवीकरण की राजनीति के लिए चर्चित बिस्फी विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा की फिर भी भाजपा सीट नहीं बचा पाई। भाजपा के हरिभूषण ठाकुर बचौल को 8107 वोट से हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें 92664 वोट मिले जबकि राजद के आसिफ अहमद को 100771 वोट मिले। जन सुराज पार्टी के संजय मिश्रा मात्र 3124 वोट ही ला पाए।
सुधांशु शेखर की हैट्रिक, 36236 वोट से जीते
पिता की मृत्यु के बाद चुनावी राजनीति में प्रवेश करने वाले सुधांशु शेखर ने जीत की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने 85486 वोट प्राप्त किया। जबकि सीपीआई के राकेश कुमार पांडे को 49250 वोट मिले। वहीं निर्दलीय मो शब्बीर को 22041 वोट मिले।
जन सुराज रत्नेश्वर ठाकुर को मात्र 7982 वोट मिले। सुधांशु शेखर 36236 वोट से जीत गए। 2016 में उपचुनाव में वे पहली बार रालोसपा से जीते थे। उसके बाद 2020 में जदयू से और इस बार फिर जदयू से जीते हैं।
राजनगर से सुजीत पासवान को बड़ी जीत
निवर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री डॉ राम प्रीत पासवान का टिकट कटकर 30 साल के युवा सुजीत पासवान को दिया गया था। सुजीत पासवान मधुबनी में झंझारपुर से नीतीश मिश्रा के बाद सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले बने हैं।
उन्होंने राजद के प्रो विष्णुदेव मोची को 42185 वोट से हराया। सुजीत पासवान को 108362 वोट मिले जबकि विष्णुदेव मोची को 66177 वोट मिले। जन सुराज पार्टी के डॉ सुरेंद्र दास को मात्र 5669 वोट मिले।
खजौली में भाजपा की दूसरी जीत
खजौली विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार भाजपा के अरुण शंकर प्रसाद को जीत मिली है। उन्हें 101151 वोट मिले जबकि राजद के ब्रज किशोर यादव को 88025 वोट मिले। वहीं जन सुराज की रूपम कुमारी को मात्र 4637 वोट से संतोष करना पड़ा।
लौकहा में सतीश साह 25511 वोट से जीते
लौकहा से लगातार जदयू की जीत हो रही थी मगर 2020 में जातीय समीकरण गड़बड़ होने के कारण जदयू को राजद ने हरा दिया था। इस सीट को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने प्रतिष्ठा का विषय बना लिया था। तीन बार मुख्यमंत्री आए।
अमित शाह ने भी सभा की। नतीजा है कि जदयू के प्रत्याशी सतीश कुमार साह 25511 वोट से जीत गए हैं। उन्हें 111761 वोट मिले जबकि राजद के भारत भूषण मंडल को 86250 वोट मिले। जन सुराज पार्टी की रेणु यादव को मात्र 4579 वोट मिले। तीसरे नंबर पर निर्दलीय राम लखन यादव 7652 वोट के साथ रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।