Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर में हो गया बड़ा खेला, क्राइम ब्रांच का अफसर बन युवक ने 6 लाख के गहने की पोटली ही बदल दिया, दे दिया पत्थर

    Updated: Sun, 05 Apr 2026 08:24 PM (IST)

    मुंगेर के आजाद चौक पर एक शातिर युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर हैप्पी बेकरी के पार्टनर बच्चु पाहुजा से लगभग छह लाख रुपये के 50 ग्राम सोन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मुंगेर में दिनदहाड़े ठगी, क्राइम ब्रांच अफसर बन युवक ने उड़ाए 6 लाख के गहने

    संवाद सहयोगी, मुंगेर। कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद चौक पर रविवार दोपहर ठगी की बड़ी वारदात सामने आई है। हैप्पी बेकरी के पार्टनर बच्चु पाहुजा को निशाना बनाते हुए एक शातिर युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर करीब छह लाख रुपये मूल्य के 50 ग्राम सोने के जेवरात ठग लिए और फरार हो गया।

    क्राइम ब्रांच अफसर बनकर रचा झांसा

    पीड़ित बच्चु पाहुजा ने बताया कि वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आजाद चौक के पास एक युवक ने उन्हें रोक लिया। उसने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि इतने गहने पहनकर चलना असुरक्षित है।

    ठग ने सख्ती दिखाते हुए तुरंत चेन और अंगूठी उतारने को कहा। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अपने गहने उतार दिए, जिससे वह ठगी का शिकार हो गए।

    शातिर तरीके से बदली पोटली

    इसके बाद आरोपी ने गहनों को सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाया और उन्हें एक कागज में रखने के लिए कहा। फिर रुमाल में बांधने के दौरान उसने बेहद चालाकी से असली गहनों की जगह पत्थर रख दिए और पोटली बदल दी।

    पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि घर जाकर गहनों को सुरक्षित रख लें और मौके से फरार हो गया।

    घर पहुंचते ही खुली ठगी की सच्चाई

    जब बच्चु पाहुजा घर पहुंचे और पोटली खोली, तो उसमें गहनों की जगह पत्थर मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए। तब तक ठग काफी दूर निकल चुका था और पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

    पुलिस जांच में जुटी

    घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी थानाध्यक्ष रतन कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

    लोगों से सतर्क रहने की अपील

    दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और खुद को अधिकारी बताने वाले लोगों से सतर्क रहें। प्रशासन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है।