भीषण गर्मी का अलर्ट, मुजफ्फरपुर में अगले एक सप्ताह में 40 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
Bihar Temperature Forecast: मुजफ्फरपुर में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Heat Wave Alert: जिले में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और अब लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
सोमवार को जिले के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई, जिससे सुबह से ही उमस और तपिश का अहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह के भीतर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू सकता है।
सामान्य से ऊपर पहुंचा तापमान
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.1 डिग्री बढ़कर 22.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
पछिया हवा सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जिससे दोपहर के समय कनकनी पूरी तरह गायब रही और लू जैसा अहसास होने लगा।
अगले चार दिनों तक चलेगी गर्म हवा
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सतार ने बताया कि अप्रैल के महीने में तापमान का 40 डिग्री तक जाना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन हवा की रफ्तार गर्मी को और बढ़ाएगी।
अगले चार दिनों तक 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। इस दौरान दोपहर में आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) घटकर 15 से 25 प्रतिशत तक रह सकती है, जिससे वातावरण काफी शुष्क रहेगा।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
शुष्क मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है:
- फसल कटाई: गेहूं और अरहर की तैयार फसल की तुरंत कटनी और दौनी कर उसे सुरक्षित स्थानों पर भंडारित करें।
- सिंचाई व कीट नियंत्रण: मक्का की फसल में जरूरत के अनुसार सिंचाई करें और तना छेदक कीटों पर नजर रखें। सब्जियों में कीट प्रबंधन के लिए दवाओं का छिड़काव करें।
- बागवानी: आम के बागानों में 'बग कीट' से बचाव के लिए उचित उपाय अपनाएं।
पशुपालकों को लू से बचाव के निर्देश
बढ़ते तापमान का असर मवेशियों पर भी पड़ सकता है। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने पशुओं को सीधे धूप या खुले आसमान के नीचे न बांधें। उन्हें छायादार स्थानों पर रखें और पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पिलाते रहें ताकि उन्हें डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।