Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में 11 साल बाद भी अधूरा चंदवारा पुल, 14वीं डेडलाइन भी फेल

    By Babul Deep Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Tue, 31 Mar 2026 10:21 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के चंदवारा पुल को चालू करने की 14वीं डेडलाइन भी फेल हो गई है। अब इसमें एक से दो महीने का और समय लगने की संभावना है, क्योंकि एप्रोच पथ का का ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मुजफ्फरपुर में अब भी पूरा नहीं बना एप्रोच पथ। जागरण

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बहुप्रतिक्षित चंदवारा पुल के चालू होने की 14वीं डेडलाइन भी फेल हो गई। इसमें अभी एक से दो माह का समय और लगने की संभावना है।

    इसके बाद ही पूरी तरह से और सभी प्रकार की वाहनों का आवागमन चालू हो सकेगा। वर्तमान में एप्रोच पथ का काम बाकी है। इसके लिए मिट्टी भरने का कार्य पूरा हो चुका है।

    अब इसपर सड़क निर्माण और पीचिंग का काम किया जाएगा। बरसात से पहले इसे पूरा करने की संभावना पुल निर्माण विभाग के अधिकारी ने जताई है।

    चंदवारा पुल को चालू करने के लिए 31 मार्च तक की डेडलाइन निर्धारित की गई थी, लेकिन मिट्टी भरने समेत अन्य कारणों से इसमें बहुत देरी हुई। इस कारण एक और डेडलाइन फेल हो गया।

    विदित हो कि वर्ष 2015 में चंदवारा पुल को बनाने का शिलान्यास किया गया था। पुल का निर्माण वर्ष 2018 में ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन भूमि अधिग्रहण में उत्पन्न हुई समस्या के कारण एप्रोच पथ बनाने में आठ साल की देरी हो गई और अभी भी काम पूरा नहीं हो पाया।

    निर्माण स्थल पर भी कई बार विवाद हुआ। ठेकेदार और मजदूरों को असामाजिक तत्वों की ओर से जमकर मारपीट की गई थी। इसके अलावा रैयतों ने शिकायत करने पर खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी, ट्रैक्टर जब्त कर लिया।

    ठेकेदार पर अवैध खनन करने के आरोप में लाखों रुपये का जुर्माना किया गया। जुर्माना भरने के बाद वाहनों को मुक्त किया गया और फिर काम शुरू हुआ।

    वर्ष 2020 से ही निर्धारित की जा रही डेडलाइन 

    पुल निर्माण विभाग से लेकर विभिन्न मंत्री और डीएम के स्तर से वर्ष 2020 से ही इसका डेडलाइन निर्धारित किया जा रहा है। पहली डेडलाइन 2020 के दिसंबर में तय किया गया था।

    इसके बाद अब तक 14 बार डेडलाइन तय किया गया और एक-एक कर सभी फेल होता चला गया। वर्तमान में बाइक और साइकिल का आवागमन हो रहा है। अगर बारिश हुई तो यह भी बंद हो जाएगा। एप्रोच पथ पूर्ण रूप से बनने के बाद चारपहिया समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन चालू होगा।

    सीएम के आगमन पर खूब दौड़ी थी प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों 

    प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चंदवारा पुल की ओर प्रतिदिन दर्जनों प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ी थी। पुल का रंगरोगन तक करा दिया गया था।

    संभावना थी की मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे। टेंट और साउंड बाक्स से लेकर कुर्सी-टेबल तक सजा दिया गया। एप्रोच पथ को भी साफ-सुथरा कर रंगरोगन कर दिया गया था, लेकिन सीएम वहां नहीं गए। इसके बाद फिर कछुआ की चाल में निर्माण कार्य चलने लगा।

    मार्च में चालू करने का डेडलाइन था, लेकिन कुछ समस्याओं के कारण काम पूरा नहीं हो पाया। बरसात से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम तेजी से कराया जा रहा है।

    अंब्रिश कुमार सिंह, परियोजना अभियंता, पुल निर्माण निगम