मुजफ्फरपुर में अवैध रूप से ऑटो परिचालन पर नगर आयुक्त ने चलाया अभियान, वसूला तीन लाख जुर्माना
मुजफ्फरपुर में प्रशासन ने निर्धारित रूटों पर ऑटो व ई-रिक्शा न चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस क ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। डेडलाइन समाप्त होने के दूसरे दिन सोमवार को निर्धारित रूट पर आटो व ई-रिक्शा का परिचालन नहीं करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया।
नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, एसडीओ पूर्वी व डीटीओ कुमार सत्येंद्र यादव इसमें में शामिल रहे। अवैध रूप से आटो व ई-रिक्शा का परिचालन करने वालों से तीन लाख पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
विदित हो कि पांच फरवरी को शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए निगम कार्यालय में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें चालकों को निर्धारित रूट पर आटो व ई-रिक्शा के परिचालन सुनिश्चित करने के लिए शनिवार तक की डेडलाइन दी थी।
रविवार को आटो व ई-रिक्शा का परिचालन नियम से नहीं हुआ। दैनिक जागरण में इसकी प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इस पर संज्ञान लेते हुए दोपहर दो बजे से नगर आयुक्त ने स्टेशन रोड से जांच अभियान शुरू किया।
मालगोदाम चौक, इमलीचट्टी, जूरन छपरा व महेशबाबू चौक तक पैदल भ्रमण कर आटो व ई-रिक्शा की जांच की। निर्धारित रूट पर वाहन नहीं चलाने के साथ अवैध पार्किंग, बिना वैध दस्तावेज के वाहन परिचालन, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन परिचालन, निर्धारित स्टैंड के अतिरिक्त सवारी बैठाने वाले चालकों से जुर्माना की वसूली की गई।
इससे पहले निगम कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ नगर आयुक्त ने बैठक की। दोपहर दो बजे से अभियान शुरू हुआ। इस दौरान सबसे अधिक रिजर्व का बोर्ड लगाकर अवैध रूप से सवारी ढो रहे आटो चालकों को पकड़ा गया। उनसे जुर्माना वसूला गया।
अभियान चलता देख चालक आटो व ई-रिक्शा लेकर भागने लगे। देखते ही देखते स्टेशन रोड से अवैध परिचालन करने वाले वाहन गायब हो गए। नगर आयुक्त ने कहा आगे अभियान के लिए टीम बनाई गई है जो नियमित जांच कर मनमानी करने वाले चालकों पर कार्रवाई करेगी।
समय-समय पर वे अभियान में शामिल होंगे। इस दौरान नगर आयुक्त अमित कुमार, नगर प्रबंधक रितेश कुमार, एमवीआइ अरविंद कुमार, एडीटीओ कुमार विवेक, सफाई प्रभारी अजय कुमार व अतिक्रमण अभियान के सहायक प्रभारी मनोज कुमार शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।