विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में NH-27 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की ढही शटरिंग, रात होने से टला बड़ा हादसा

Published: Mon, 21 Sep 2026 12:38 AM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 02:06 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में NH-27 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग रविवार रात करीब 10 बजे मझौली चौक पर गिर गई। गनीमत रही ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर के मझौली चौक पर फ्लाईओवर की शटरिंग गिरी।

  2. NH-27 पर रविवार रात करीब 10 बजे हुआ हादसा।

  3. देर रात होने से कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टला।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-दरभंगा रोड (एनएच 27) के मझौली चौक पर रविवार की रात करीब 10 बजे निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग अचानक भर भराकर गिर गई। ढलाई के लिए लगाया गया भारी-भरकम ढांचा गिरते ही जोर की आवाज हुई।

इससे वहां अफरातफरी की स्थिति बन गई। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ। इससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस तरह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

विदित हो कि एनएच पर अभी कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। फ्लाईओवर का निर्माण होने के कारण दोनों तरफ के वाहन सिंगल लेन में ही चल रहे हैं। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय सड़क पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही काफी कम थी। यह हादसा दिन के वक्त हुआ होता तो स्थिति भयावह हो सकती थी।

यह इसलिए भी कि मझौली चौक पर दिनभर फल और सब्जियों की दुकानें सजती हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले खरीदारों और राहगीरों की भारी भीड़ रहती है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फ्लाईओवर का निर्माण करा रही एजेंसी के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।

सड़क पर बिखरे मलबे और लोहे के छड़ों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि एनएच पर यातायात बाधित नहीं हो। कुछ स्थानीय निवासियों ने बताया कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। कभी भी हादसा हो सकता है।