'लालू राज में अधिकारी से लेकर चपरासी तक में था एक समाज का वर्चस्व', उपेंद्र कुशवाहा का राजद पर तंज
उपेंद्र कुशवाहा ने राजद पर हमला करते हुए कहा कि लालू राज में अधिकारी से लेकर चपरासी तक एक ही समाज का वर्चस्व था। उन्होंने राजद पर सामाजिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और कहा कि एक विशेष जाति को प्राथमिकता दी गई, जिससे अन्य समुदायों को नुकसान हुआ। कुशवाहा ने बिहार के विकास के लिए सभी समुदायों को समान अवसर देने की बात कही।

लालू राज में अधिकारी से लेकर चपरासी तक में था एक समाज का वर्चस्व: उपेंद्र कुशवाहा। फाइल फोटो
संवाददाता सहयोगी, सरैया। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के सुप्रीमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को बिना किसी का नाम लिए लालू राज पर तीखा प्रहार किया। कहा कि उस दौर में मुख्यमंत्री से लेकर अधिकारी व चपरासी तक, सभी पदों पर सिर्फ एक ही समाज का वर्चस्व दिखता था।
दूसरे समाजों की कोई चिंता नहीं की जाती थी। नीतीश कुमार सत्ता में आए, तब समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हुई। गांव-गांव में विकास व समान अवसरों की भावना जगी।
सरैया प्रखंड के जगत सिंह उच्च विद्यालय मनिकपुर हाईस्कूल मैदान में वह एनडीए समर्थित रालोमो उम्मीदवार मदन चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रत्याशी को माला पहनाकर जनता से समर्थन की अपील की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को पंचायती राज में आरक्षण देकर सशक्त बनाया। आज पिछड़ा, अतिपिछड़ा, दलित व महादलित परिवारों की बेटियां और बहुएं मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष तथा मेयर बन रही हैं।
वे अब जिलाधिकारी से आंख मिलाकर अपनी बात रखती हैं। यही असली सामाजिक परिवर्तन है। कहा नीतीश कुमार पहली बार किसान चाची राजकुमारी देवी से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। उनके काम को राष्ट्रीय पहचान मिली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया।
दिग्भ्रमित हुए तो लौट आएगा जंगलराज
कुशवाहा ने कहा कुछ लोग जनता को दिग्भ्रमित करने में लगे हैं। चेताया कि अगर लोग भ्रमित हुए तो बिहार फिर उसी पुराने जंगलराज में लौट जाएगा। काराकाट का उदाहरण देते हुए कहा वहां इसी कारण गलत परिणाम सामने आए।
उन्होंने अपील की कि जनता सतर्क रहे और विकास की सरकार को ही समर्थन दे। राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बदलाव की बात करते हैं, लेकिन टिकट वितरण में आपराधिक छवि वाले लोगों को प्राथमिकता दी गई।
वे राज्य में कैसा बदलाव लाएंगे। एनडीए सरकार को काम करने का मौका मिला तो अपराध पर नियंत्रण हुआ, सड़क व बिजली की सुविधा पहुंची। महिलाओं के खाते में 10 हजार राशि दी गई, बिजली व अनाज की सुविधा मुफ्त हुई। अध्यक्षता रालोमो के जिलाध्यक्ष रामेश्वर सिंह कुशवाहा व संचालन हम पार्टी के जिलाध्यक्ष संजर आलम ने किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।