राजगीर-हावड़ा ट्रेन फिर पटरी पर; 16 मई से सेवा शुरू, सांसद की पहल पर रेल मंत्रालय का फैसला
कोरोना काल में बंद हुई राजगीर-हावड़ा रेल सेवा 16 मई 2026 से फिर शुरू होगी, जिससे नालंदा और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद कौशलेन्द्र कु ...और पढ़ें

16 मई से राजगीर हावड़ा ट्रेन की शुरुआत। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
राजगीर-हावड़ा रेल सेवा 16 मई 2026 से होगी बहाल।
सांसद कौशलेन्द्र कुमार की पहल पर लिया गया निर्णय।
नालंदा, नवादा, शेखपुरा के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नालंदा और आसपास के जिलों के यात्रियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
कोरोना काल में बंद की गई राजगीर-हावड़ा-राजगीर रेल सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। रेल मंत्रालय ने 16 मई 2026 से इस ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी है।
यह पहल नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार के अनुरोध के बाद संभव हो सकी। सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कोरोना काल में बंद हुई इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को पुनः शुरू करने की मांग की थी।
सांसद की पहल पर रेल मंत्री ने दिया आदेश
सांसद ने अपने अनुरोध में कहा था कि राजगीर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
खासकर पुरुषोत्तम मास (मलमास) मेले के दौरान यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मलमास में राजगीर के गर्म जलकुंड में स्नान का विशेष महत्व है। इस दौरान साधु-संतों और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार बना रहता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में चलने वाली गाड़ी संख्या 53043/44 राजगीर-हावड़ा फास्ट पैसेंजर ट्रेन जैन धर्मावलंबियों, बौद्ध श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा बाबा धाम जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी।
कोराेना काल से ही बंद था परिचालन
ट्रेन बंद होने के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग या दूसरे रेल रूट का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
रेल मंत्रालय द्वारा सेवा बहाल किए जाने के फैसले के बाद नालंदा, नवादा, शेखपुरा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ट्रेन सेवा दोबारा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मलमास मेला को देखते हुए इस निर्णय को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे हावड़ा और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा और सस्ता विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- अब बिना टिकट यात्रा करना पड़ेगा भारी! दानापुर मंडल में EFT प्रणाली हुई हाईटेक; मोबाइल नंबर से होगी पहचान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।