AIIMS पटना में बनेगा बिहार का पहला स्किन बैंक, दान की गई त्वचा से झुलसे मरीजों को मिलेगी नई जिंदगी
एम्स पटना में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के लिए प्रदेश का पहला स्किन बैंक खुलेगा।

AIIMS पटना में बनेगा स्किन बैंक। (फाइल फोटो)
HighLights
एम्स पटना में खुलेगा प्रदेश का पहला स्किन बैंक।
स्वास्थ्य विभाग ने 3.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी।
गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, पटना। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के घावों को ढकने के लिए जल्द ही प्रदेश में त्वचा से जैविक ड्रेसिंग की सुविधा मिलेगी। दूसरे की त्वचा से घाव ढकने से न सिर्फ संक्रमण की आशंका कम होगी बल्कि शरीर से तरल पदार्थों की कमी भी रोकी जा सकेगी।
इससे न केवल घाव जल्द भरेंगे बल्कि उपचार प्रक्रिया में भी सुधार होगा। इसके लिए एम्स पटना के बर्न्स सेंटर में प्रदेश का पहला स्किन बैंक स्थापित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए 3.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है।
स्किन बैंक में मृत्यु के बाद स्वेच्छा से दान की गई त्वचा को निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया से संग्रहित, संरक्षित करने के साथ जरूरतमंद रोगियों को उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जुलाई में एम्स पटना के बर्न्स सेंटर के निरीक्षण के क्रम में स्किन बैंक स्थापित करने की घोषणा की थी। अब 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से इसका कार्य तेजी से होगा।
एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल ने इस पहल पर बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी की विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा कुमारी व उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्किन बैंक से आधुनिक बर्न केयर सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।
जलने की घटनाएं एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश में प्रतिवर्ष लगभग 70 लाख लोग जलते हैं। इनमें से करीब 1.5 लाख लोगों की मृत्यु होती है। बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के अनुसार प्रदेश में आग से 143 लोगों की मौत हुई।
वहीं, एनसीआरबी के 2024 के आंकड़ों के अनुसार 297 जगह अगलगी की घटनाएं हुईं और 321 की मौत हुई। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों में त्वचा की ऊपरी परत नष्ट होने से संक्रमण, शरीर से पानी व अन्य तरल पदार्थों की कमी और घाव भरने में जटिलता का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसे मरीजों के घावों को अस्थायी रूप से ढकने के लिए दान की गई मानव त्वचा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे संक्रमण का खतरा कम करने और मरीज को आगे के उपचार के लिए तैयार करने में मदद मिलती है।
स्किन बैंक की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर बर्न मरीजों के इलाज में चिकित्सकों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इस राशि से स्किन बैंक के लिए विशेष आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी और त्वचा संग्रहण, प्रसंस्करण, संरक्षण व भंडारण के लिए आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।