Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    विधानसभा मानसून सत्र में नई पहल, ऑनलाइन ली जाएंगी शून्यकाल और ध्यानाकर्षण की सूचनाएं

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 12:34 AM (IST)

    विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र में सदस्यों की सुविधा के लिए शून्यकाल और ध्यानाकर्षण की सूचनाएं अब ऑनलाइन भी ली जाएंगी। ...और पढ़ें

    बिहार विधानसभा। (जागरण)

    बिहार विधानसभा। (जागरण)

    HighLights

    1. मानसून सत्र में शून्यकाल, ध्यानाकर्षण सूचनाएं ऑनलाइन ली जाएंगी।

    2. सुबह 8-9 बजे शून्यकाल, 9-10 बजे ध्यानाकर्षण का समय।

    3. अधिकारियों को प्रोटोकॉल पालन, त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश।

    राज्य ब्यूरो, पटना। 20 जुलाई से आहूत विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र में शून्यकाल व ध्यानाकर्षण की सूचनाएं ऑनलाइन भी ली जाएंगी। सदस्यों की सुविधा के दृष्टिगत इसकी व्यवस्था हो रही है।

    शुक्रवार को सदन के संचालन के लिए हुई सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डा. प्रेम कुमार ने विभिन्न दलों के नेताओं को इससे अवगत कराया।

    शून्यकाल को ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए सुबह 08:00 बजे से 09:00 बजे तक तथा ध्यानाकर्षण के लिए 09:00 बजे से 10:00 बजे तक का समय निर्धारित रहेगा।

    सत्र के सफल और शांतिपूर्ण संचालन होने पर अधिकाधिक कार्य होने का हवाला देते हुए अध्यक्ष ने सभी दलों से सकारात्मक सहयोग का आग्रह किया। सत्ता पक्ष व विपक्ष की ओर से उन्हें इसके लिए आश्वस्त किया गया।

    अध्यक्ष ने दलीय नेताओं से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने दल के सदस्यों को सदन की कार्यवाही में सक्रिय, अनुशासित एवं रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रेरित करें।

    इसी के साथ उन्होंने स्थापित परंपराओं, नियमों और कार्य संचालन नियमावली के प्रविधानों के अंतर्गत सदन के संचालन का भरोसा दिया।

    विधानसभा उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, विरोधी दल के मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत के साथ आलोक मेहता, राजू तिवारी, अजय कुमार, अरुण सिंह, माधव आनंद, अख्तरूल ईमान, सतीश कुमार सिंह यादव एवं अभिषेक रंजन व इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता बैठक में उपस्थित रहे।

    इससे पहले प्रेस सलाहकार समिति के साथ बैठक कर विधानसभा की कार्यवाही के व्यापक प्रचार-प्रसार का आग्रह किया।

    अधिकारियों को प्रोटोकाल के अनुपालन व फोन रिसीव करने का निर्देश 

    मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चिकित्सा, सफाई, पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष ने बैठक की।

    उन्होंने प्रश्नों के उत्तर ससमय प्राप्त कराने के लिए विभागों को निर्देशित किया। समिति की बैठकों में संबंधित विभाग के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव/ सचिव की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

    वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सदस्यों द्वारा जनहित के कार्यों के लिए फोन करने पर त्वरित प्रतिक्रिया हो। सदस्यों के प्रोटोकाल का अनिवार्य रूप से अनुपालन हो।

    सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र, संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव आरएल. चोंग्थू, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा आदि बैठक में उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- पुराने मुकदमों के आधार पर किसी को ‘असामाजिक तत्व’ घोषित करना अवैध, पटना हाईकोर्ट का बड़ा फैसला