Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार बजट में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क-फिनटेक सिटी को प्राथमिकता, पटना विश्वविद्यालय मॉडल यूनिवर्सिटी बनेगा

    Updated: Wed, 04 Feb 2026 04:25 AM (IST)

    बिहार सरकार ने बजट में फतुहा में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क और फिनटेक सिटी की स्थापना को प्राथमिकता दी है। लॉजिस्टिक पार्क 105.20 एकड़ में बनेगा, जो प ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क व फिनटेक सिटी को मिलेगी रफ्तार

    जागरण संवाददाता, पटना। बिहार सरकार राज्य को औद्योगिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। फतुहा के समीप मल्टी मॉडल लाजिस्टिक पार्क एवं फिनटेक सिटी की स्थापना की योजना को बिहार बजट में प्राथमिकता दी गई है। बजट में आवश्यक प्रविधान किए जाने से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    फतुहा के जैतिया गांव में 105.20 एकड़ में लाजिस्टिक पार्क बनाने की योजना है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू है। मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क का उद्देश्य सड़क, रेल और जल परिवहन को एकीकृत कर वस्तुओं के आवागमन को आसान और किफायती बनाना है। फतुहा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति इस परियोजना के लिए बेहद अनुकूल मानी जा रही है, क्योंकि यह पटना के नजदीक होने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग, रेल नेटवर्क और गंगा नदी से जुड़ा है।

    इससे राज्य के भीतर और बाहर माल ढुलाई की लागत में कमी आएगी और समय की बचत होगी। वहीं 242 एकड़ में फिनटेक सिटी का निर्माण होगा। प्रस्तावित फिनटेक सिटी बिहार को डिजिटल और तकनीकी विकास के नए युग में प्रवेश दिलाएगी। यहां फाइनेंशियल टेक्नोलाजी से जुड़ी कंपनियों, स्टार्टअप्स, डेटा सेंटर, आइटी सेवाओं और इनोवेशन हब को विकसित किया जाएगा।

    वित्तीय सेवाओं, नवाचार आधारित उद्यमों, उन्नत तकनीक तथा निर्यात उन्मुख उद्योगों को एक परिसर में स्थापित कर प्रतिस्पर्धी पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा। इससे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां यहां अपने कार्यालय स्थापित करेंगी और उद्योगों के विकास के साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इससे न केवल बिहार में निवेश का माहौल बेहतर होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी सृजित होंगे।

    इन दोनों परियोजनाओं के स्थापित होने से रोजगार सृजन, उद्योगों को बढ़ावा, निवेश आकर्षण और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है। स्थानीय किसानों, व्यापारियों और लघु उद्योगों को अपने उत्पादों के भंडारण, प्रोसेसिंग और विपणन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, फिनटेक सिटी के माध्यम से डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिलेगा।

    पटना और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा

    बजट में राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। शिक्षा, पर्यावरण, आधारभूत संरचना, सुरक्षा और आर्थिक विकास से जुड़ी इन योजनाओं से राजधानी क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    बजट में पटना विश्वविद्यालय को मॉडल विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इसके तहत शैक्षणिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जाएगा, आधुनिक शोध सुविधाएं विकसित होंगी और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। इससे पटना विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

    राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पटना की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए वन प्रमंडल में अवस्थित पार्कों का विकास किया जाएगा। हरित क्षेत्र बढ़ने से पर्यावरण संतुलन सुधरेगा और आम लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

    हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बिहटा एयरपोर्ट पर 10.67 करोड़ रुपये की लागत से सिविल इनक्लेव के निर्माण का प्रविधान किया गया है। इसके बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पटना के वैकल्पिक हवाई अड्डे के रूप में बिहटा की भूमिका सशक्त होगी।

    सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली भवन, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, साइबर अपराध इकाई एवं विशेष शाखा के भवन, साथ ही आईपीएस मेस के निर्माण की भी घोषणा की गई है। इससे कानून-व्यवस्था, आपात सेवाओं और साइबर अपराध नियंत्रण में सुधार होगा।