BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा दूसरी बार टली, आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन; अब नई तारीख का इंतजार
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा 25 ...और पढ़ें

बीपीएससी की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा फिर स्थगित। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बीपीएससी 72वीं प्रारंभिक परीक्षा फिर से स्थगित की गई।
यह परीक्षा 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली थी।
1187 पदों के लिए यह दूसरी बार टली है।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं प्रारंभिक परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। पहले 26 जुलाई की परीक्षा स्थगित की गई। और अब 25 अक्टूबर को भी परीक्षा नहीं होगी।
इस संबंध में सोमवार को बीपीएससी ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसमें अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित किए जाने की बात कही गई है। समझा जाता है कि साल के अंत तक परीक्षा ली जाएगी।
26 जुलाई के बाद 25 अक्टूबर तय थी तिथि
1187 पदों के लिए दूसरी बार परीक्षा स्थगित की गई। इससे पहले यह परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित कराई जानी थी। लगातार दूसरी बार परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।
अब उनकी नजर नई तारीख पर टिक गई है। इस बाबत आयोग की ओर से कहा गया है कि नई तिथि की सूचना बाद में दी जाएगी। 
5.15 लाख अभ्यर्थियों ने किये ऑनलाइन आवेदन
72वीं के लिए 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए चार लाख 71 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इसकी तुलना में इस बार लगभग 44 हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।
72वीं परीक्षा के लिए आरंभ में 1230 पदों के लिए रिक्तियों की घोषणा की गई थी। बाद में गन्ना पदाधिकारी के 44 पदों को हटाने के बाद 1186 पदों के लिए रिक्तियां निकाली गई।
किस पद के लिए कितनी रिक्तियां
- राजस्व पदाधिकारी-365
- सहकारिता प्रसार पदाधिकारी-130
- अनुमंडलीय कल्याण पदाधिकारी-101
- एसडीएम/एसडीओ-100
- ग्रामीण विकास पदाधिकारी-65
- राज्य कर सहायक आयुक्त-76
- प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी-70
- निकाय कार्यपालक पदाधिकारी-54
- श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी-56
- बाल विकास परियोजना पदाधिकारी-20
