सिंगापुर में इलाज के साथ परिवार की 'ढीली गांठें' कसेंगे लालू, रोहिणी और तेज प्रताप की होगी घर वापसी?
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर में अपने रूटीन चेकअप के साथ परिवार की अंदरूनी कलह सुलझाने का प्रयास करेंगे। ...और पढ़ें

एकजुट होगा लालू परिवार। (जागरण)
HighLights
लालू प्रसाद सिंगापुर में रूटीन चेकअप के लिए गए हैं।
परिवार की अंदरूनी कलह सुलझाने का भी उनका लक्ष्य है।
रोहिणी और तेजस्वी के बीच मनमुटाव दूर करने का प्रयास।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद सिंगापुर तो रुटीन चेकअप के लिए गए हैं, लेकिन वहां वे परिवार की ढीली गांठें भी कसेंगे। इसका दो लाभ होगा।
पहला, बिखराव के दौर से गुजर रहा परिवार एकजुट होगा और दूसरा, पार्टी के भीतर उठापटक की आशंकाएं अपेक्षाकृत कम होंगी। लालू का जतन नाराज बेटी रोहिणी आचार्य का मन-मिजाज तेजस्वी यादव के प्रति नरम करने का होगा, जिन्हें वे पार्टी और परिवार का उत्तराधिकारी बना चुके हैं।
रोहिणी के नरम होने पर तेजप्रताप यादव के लिए परिवार का दरवाजा खोलना और सहज हो जाएगा, जिसकी आवश्यकता-अपेक्षा अब लालू के साथ स्वयं तेजप्रताप भी समझने लगे हैं।
अपनी किडनी-आंख और अन्य स्वास्थ्य संबंधी रुटीन चेकअप के लिए शुक्रवार अपराह्नन लालू सिंगापुर रवाना हुए। उनके साथ राबड़ी देवी भी गई हैं।
रोहिणी के आवास पर रूकेंगे लालू
लालू वहां पुत्री रोहिणी आचार्य के आवास पर रहेंगे, जिसने उन्हें अपनी किडनी दी है। विधानसभा चुनाव में राजद की पराजय पर चर्चा के दौरान रोहिणी ने तेजस्वी के दो विश्वस्तों (संजय यादव और रमीज) पर आक्षेप किया था।
उसके बाद की परिस्थितियों ने उन्हें परिवार से दूर होने के लिए बाध्य कर दिया। 12 वर्ष पुराने प्रेम-प्रसंग को सार्वजनिक कर तेजप्रताप पहले की परिवार-पार्टी से बेदखल हो चुके थे। जनशक्ति जनता दल का गठन कर चुनाव में उतरे।
तेजस्वी के बेटे के बर्थडे में पहुंचे थे तेज प्रताप
भद ऐसी पिटी कि अपनी सीट तक नहीं बचा पाए। अब राजनीति को जारी रखने के लिए ठिकाने की आवश्यकता है। तेजस्वी के पुत्र इराज की पहली जन्मतिथि पर आयोजित समारोह में गाजियाबाद पहुंचकर मेलजोल का संकेत दे चुके हैं।
खबरें और भी
बहरहाल राजद के लिए विधान परिषद में एक सीट की गुंजाइश बन रही है। राजद के सोच में वैसे भी परिवार प्रथम है, लेकिन तेजस्वी नए दौर के हवाले से हिचकिचा रहे।
पार्टी के संचालन के लिए कोष का प्रबंध और जनाधार का प्रश्न है। पार्टी के जिन दो विधान पार्षदों का कार्यकाल पूरा हो रहा, उनमेंं एक सुनिल कुमार सिंह और दूसरा मो. फारुख हैं।
दिल्ली से रवाना हुए सिंगापुर
उपरोक्त समारोह के लिए लालू रविवार से दिल्ली में प्रवास कर रहे थे। वहीं से सिंगापुर निकले हैं। दिसंबर, 2022 में सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था।
यह यात्रा उसी का फालो-अप और पोस्ट-ट्रांसप्लांट रुटीन चेकअप है। चारा घोटाला मामलों में जमानत पर होने के कारण उनका पासपोर्ट न्यायालय में जमा था।
न्यायालय ने डॉक्टरों के परामर्श और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पासपोर्ट रिलीज करने की पहले की अनुमति दे दी थी।
यह भी पढ़ें- लालू परिवार में खटपट खत्म नहीं: बड़े पापा की गोद में खेली इराज की दीदी, बुआ ने जश्न से बनाई दूरी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।