NSE में लिस्ट हुआ पटना नगर निगम, ₹200 करोड़ के बॉन्ड से बदलेगी राजधानी की सूरत; बनेंगे 15 बड़े प्रोजेक्ट्स
पटना नगर निगम एनएसई इंडिया पर सूचीबद्ध होने वाला बिहार का पहला निकाय बन गया है, जिसने म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए ₹199 करोड़ जुटाए हैं।

पटना नगर निगम
HighLights
पटना नगर निगम एनएसई पर सूचीबद्ध होने वाला पहला निकाय।
म्युनिसिपल बॉन्ड से ₹199 करोड़ जुटाए, विकास को गति।
15 बड़ी परियोजनाएं शुरू होंगी, शहर बनेगा आत्मनिर्भर।
जागरण संवाददाता, पटना। एनएसई इंडिया के प्रतिनिधि कृष्णन अय्यर ने कहा कि पटना नगर निगम ने पहले 100 करोड़ का बांड जारी किया था। निवेशकों की जबरदस्त मांग के कारण यह करीब 200 करोड़ तक पहुंच गया, जो ऐतिहासिक है।
इसके साथ ही पटना नगर निगम बिहार का पहला नगर निकाय बना जो एनएसई में सूचीबद्ध है। अब इसे शहर के विकास के लिए सरकारी अनुदान के भरोसे नहीं रहना होगा।
नगर निगम के लिए आय के नए स्रोत
म्युनिसिपल बांड से जुटाई गई 199 करोड़ रुपये की राशि से राजधानी में 15 बड़ी विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, पार्किंग, कम्युनिटी हाल व मैरिज हाल जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इन योजनाओं से एक ओर शहर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के लिए आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे। अब निगम अपनी योजनाओं के लिए पूंजी बाजार से भी संसाधन जुटा सकेगा। वे मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में म्युनिसिपल बांड की नेशनल स्टाक एक्सचेंज में लिस्टिंग समारोह को संबोधित कर रहे थे।
आमजन को मिलेंगी बेहतर शहरी सुविधाएं
बांड से प्राप्त राशि का प्रयोग ऐसी परियोजनाओं में किया जाएगा, जिनका लाभ सीधे शहरवासियों को मिलेगा और निगम को नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा। वेंडिंग जोन बनने से फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलेगी।
कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और होटल से व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, पार्किंग की व्यवस्था से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। कम्युनिटी और मैरिज हाल के निर्माण से आमजन को सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इन परिसंपत्तियों के संचालन से निगम की आय भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि निवेश से ऐसी परिसंपत्तियां विकसित हों, जिनसे ऋण चुकाने के बाद भी नगर निगम को अतिरिक्त आमदनी होती रहे।
स्वच्छता में 72वें से 21वें स्थान पर पहुंचा पटना
महापौर सीता साहू ने कहा कि कुछ वर्ष पहले 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छता सर्वेक्षण में पटना 72वें स्थान पर था। अब शहर 21वें स्थान पर पहुंच गया है। यह नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सहयोग का परिणाम है।
लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में पटना देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में अपनी पहचान बनाएगा। प्रधानमंत्री के सोच के अनुरूप शहरों का विकास केवल सरकारी अनुदान पर निर्भर रहकर नहीं, बल्कि स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर किया जाना चाहिए।
पटना नगर निगम का म्युनिसिपल बांड इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई और कचरा प्रबंधन के प्रयासों का सकारात्मक असर भी शहर में दिख रहा है।
यह भी पढ़ें- पटना नगर निगम ने म्युनिसिपल बॉन्ड से जुटाए 200 करोड़, CM सम्राट ने पेश किया विकास का रोडमैप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।