पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में टाइल्स गिरी; अराइवल एरिया में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे पूर्व मंत्री के पुत्र
पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल के अराइवल क्षेत्र में अचानक दीवार से टाइल्स गिर गईं, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नह ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के नए टर्मिनल के अराइवल क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक दीवार पर लगे टाइल्स गिर गए।
घटना अराइवल एरिया के पिलर संख्या पांच के पास की है। टाइल्स जमीन पर गिरने से पहले सुरक्षा के लिए लगाए गए स्टील राड से टकराईं, जिससे तेज आवाज हुई और आसपास मौजूद यात्री व एयरपोर्ट कर्मी सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टर्मिनल के एक हिस्से की दीवार से टाइल्स अचानक उखड़कर जमीन पर गिर गईं, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
कोई यात्री नहीं आया चपेट में
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई यात्री या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। गिरते हुए टाइल्स से केवल सेफ्टी स्टील राड को नुकसान पहुंचा है।
घटना के समय अराइवल क्षेत्र में यात्रियों की आवाजाही जारी थी, लेकिन संयोग से कोई टाइल सीधे किसी व्यक्ति पर नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रभावित हिस्से को अस्थायी रूप से घेर दिया गया।

(टाइल्स उठाकर किनारे रखता गार्ड।)
शुरुआती तौर पर इसे निर्माण या फिटिंग में खामी से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यात्रियों ने नए टर्मिनल की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में बने ढांचे में इस तरह की घटना चिंता का विषय है।
बाल-बाल बचे पूर्व केंद्रीय मंत्री को रिसीव करने पहुंचे पुत्र
एयरपोर्ट पर मौजूद अपने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को रिसीव करने पहुंचे अर्जित शाश्वत ने बताया कि वे पास में ही खड़े थे।
संयोगवश वे उस समय वहां से कुछ दूरी पर चले गए थे। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से घटना की जांच कराने और पूरे टर्मिनल की व्यापक जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
एयरपोर्ट डायरेक्टर सी.पी. द्विवेदी ने टाइल्स गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है और वहां चेतावनी संबंधी बोर्ड भी लगा हुआ है।
घटना के बाद उस क्षेत्र को घेर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।