विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गार्ड को बातचीत में उलझाकर पटना के अपार्टमेंट में लाखों की चोरी, चोरों की शातिराना हरकत CCTV में कैद

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:40 AM (IST)

पटना के जक्कनपुर स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार चोरों ने दो फ्लैटों से 10 लाख से अधिक के जेवरात व नकदी चुरा लिए।

चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। जागरण

चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। जागरण

HighLights

  1. पटना के अपार्टमेंट में 10 लाख की चोरी।

  2. चार चोरों ने दो फ्लैटों को बनाया निशाना।

  3. एक चोर ने गार्ड को बातों में उलझाया।

जागरण संवाददाता, पटना। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार शातिर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

बदमाशों ने अपार्टमेंट के दो फ्लैट नंबर 101 और 103 को निशाना बनाया और 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने पहुंचे चारों बदमाशों की गतिविधियां अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

छठ मनाने गया था परिवार

फ्लैट नंबर 103 के मालिक सत्यम सिंह 14 नवंबर को अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने सहरसा जिले के कठडुमर गांव गए हुए थे।

घर में ताला बंद होने का फायदा उठाकर चार बदमाशों ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दोनों फ्लैटों के मुख्य दरवाजों की कुंडी काट दी और चोरी की योजना को अंजाम देना शुरू कर दिया।

सबसे पहले फ्लैट नंबर 101 में दाखिल हुए। हालांकि, वहां वे महज 15 सेकंड तक ही रुके और फिर बाहर निकल आए। इसके बाद उनका अगला निशाना फ्लैट नंबर 103 बना।

यहां घुसे बदमाशों ने कमरों में रखी अलमारियों को तोड़कर कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया। चोरों ने अलमारी में रखे सोने और चांदी के तमाम आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, इयररिंग, झुमके, नथनी और सोने के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्के, चेन और पायल भी बदमाश अपने साथ ले गए।

सबसे कीमती सामान में पारंपरिक सोने के आभूषणों से भरी एक पुरानी पोटली भी शामिल है। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

बदमाशों ने घर के कमरों को खंगालने के बाद अलमारियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और आराम से फरार हो गए। जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चारों बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

गार्ड को बातचीत में फंसाया 

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की वारदात का चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। फुटेज में चार बदमाश अपार्टमेंट में आते दिखाई दे रहे हैं।

इनमें एक बदमाश गेट के पास निगरानी करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा अपार्टमेंट के गार्ड से बातचीत में उलझा हुआ दिखता है।

इसी दौरान अन्य दो बदमाश फ्लैटों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। सीसीटीवी फुटेज अब पुलिस के लिए आरोपितों तक पहुंचने का अहम सुराग बन गया है।

छठ पर्व मनाकर जब सत्यम सिंह अपने परिवार के साथ वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।

अलमारियां टूटी हुई थीं और उनमें रखे कीमती जेवरात व नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें- जमुई में जदयू नेता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भू-माफियाओं पर हमले का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।