पटना में नकली बिसलेरी पानी बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 3 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड
खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना में डुप्लीकेट बिसलेरी और अन्य पैकेज्ड पानी बेचने वाले चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
-1793647599710_m.webp)
पकड़ी गई नकली बिसलेरी। (जागरण)
HighLights
खाद्य विभाग ने पटना में चार प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।
डुप्लीकेट बिसलेरी और अन्य पैकेज्ड पानी जब्त, नष्ट किया।
तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए।
जागरण संवाददाता, पटना। खाद्य संरक्षा विभाग की छापेमारी में डुप्लीकेट बिसलेरी के नाम पर पानी की बिक्री और लेबलिंग में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है।
विभाग की टीम ने सोमवार को पटना के चार प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया। इनमें एस हाइड्रेला में दूसरे प्रतिष्ठान का पता और लाइसेंस नंबर इस्तेमाल किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद एस हाइड्रेला, मां एंटरप्राइजेज और कृष्णा एंटरप्राइजेज के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। आदित्य एंटरप्राइजेज को 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया गया है।
खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने मनोहरपुर-कचुआरा स्थित एस हाइड्रेला के निरीक्षण में बिसलेरी के नाम से डुप्लीकेट पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पाया। यहां से 1.5 लीटर की 1500 बोतलें और 500 मिलीलीटर की 900 बोतलें जब्त कर नष्ट की गईं।
कुल 2400 लीटर पानी पर कार्रवाई हुई। जांच में उत्पाद के लेबल पर किसी दूसरे प्रतिष्ठान का पता और लाइसेंस नंबर अंकित मिला। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की कमी, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट का अभाव और उत्पादन कर्मियों के लिए निर्धारित यूनिफार्म की व्यवस्था नहीं थी।
इन गड़बड़ियों के कारण प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। पानी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
बड़ी पहाड़ी में 15000 से अधिक बोतलें नष्ट
बड़ी पहाड़ी स्थित मां एंटरप्राइजेज से बिसलेरी ब्रांड की 15,168 बोतलें जब्त कर नष्ट की गईं। इनमें एक लीटर की 4800 और 500 मिलीलीटर की 10,368 बोतलें शामिल थीं।
जब्त सामग्री का मूल्य विभागीय विवरण में करीब 62,645 रुपये बताया गया है। इसके अतिरिक्त एक लीटर की 905 और 500 मिलीलीटर की 9216 बोतलों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
बेउर और संपतचक में भी मिली अनियमितता
बेउर थाना क्षेत्र के आदित्य एंटरप्राइजेज में बिसलेरी, सुहर बिसलेरी, आदित्य बिसलेरी और न्यूट्रीएंट्रल ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पर कार्रवाई की गई।
विभाग ने इनकी सामग्री जब्त कर नष्ट की और पानी का नमूना लिया। प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है।
संपतचक के सोनागोपालपुर स्थित कृष्णा एंटरप्राइजेज से बिसलेरी की 2338 एक लीटर बोतलें, संजीवनी की 9240 छोटी बोतलें और न्यूट्री ड्रॉप की 500 बोतलें जब्त कर नष्ट की गईं।
इनकी कुल कीमत 1.05 लाख रुपये से अधिक बताई गई। प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- जाति प्रमाणपत्र में पति का नाम होने पर भी मिलेगा आरक्षण, पटना हाई कोर्ट ने महिलाओं को दी बड़ी राहत