विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में अपराध‍ियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, SI को लगी गोली; अपराधी भी घायल

Updated: Sun, 30 Aug 2026 08:44 AM (IST)

पटना के बिहटा में पुलिस और बालू माफिया के बीच मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और एक अपराधी को गोली ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, बिहटा। पटना में रविवार अलसुबह अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बिहटा के परेव में हुई इस घटना में एक सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह और एक अपराधी को गोली लगी।

बिहटा थानाध्यक्ष भी चोटिल हो गए। घायल अपराधी को पीएमसीएच भेजा गया है, जबकि एसआई और थानाध्यक्ष का सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।

सूचना मिलने पर पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, दो देसी कट्टे, बड़ी संख्या में गोलियां और बालू लदी एक नाव जब्त की है।

अवैध खनन की सूचना पर पहुंची थी पुलिस 

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि अवैध खनन के दौरान नाविकों को डरा-धमकाकर रंगदारी एवं पैसे वसूले जाने की सूचना प्राप्त होने पर वरीय पदाधिकारी के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम द्वारा नाव के माध्यम से रंगदारी वसूली के लिए जा रहे संदिग्ध अपराधियों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों द्वारा पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई।

अपराधियों की फायरिंग में एक पुलिस पदाधिकारी को गोली हाथ को छूते हुए निकल गई तथा थानाध्यक्ष भी घायल हुए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अपराधी अनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गया।

घायल अपराधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से लगभग 40 राउंड तथा पुलिस की ओर से लगभग 22 राउंड फायरिंग हुई।

इस दौरान अन्य अपराधी नदी में कूदकर फरार हो गए, जबकि उनके एक साथी पियूष कुमार को नाव से गिरफ्तार कर लिया गया।

उक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं कारतूस बरामद

▪️ 01 देशी कट्टा
▪️ 02 देशी पिस्टल
▪️ 01 रायफल
▪️ 01 देशी कार्बाइन
▪️ लगभग 25 जिंदा कारतूस

Bihta

एके 47 बरामदगी समेत अन्‍य मामलों में आरोपित है अनीश 

घायल अपराधी अनीश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। विगत वर्ष भी उससे संबंधित AK-47 हथियार बरामद किया गया था तथा उसके विरुद्ध 06 अन्य कांड दर्ज हैं।

गिरफ्तार अपराधी पियूष कुमार का भी पूर्व से आपराधिक इतिहास पाया गया है। दोनों के आपराधिक इतिहास एवं घटना से संबंधित अन्य बिंदुओं पर पुलिस द्वारा अग्रेतर जांच की जा रही है।

अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग का पुलिस टीम ने साहस एवं तत्परता से सामना करते हुए प्रभावी कार्रवाई की।

पटना पुलिस द्वारा अपराध, रंगदारी एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी है।