विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में ₹21 करोड़ की लागत से बन रहा इंडोर स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं के साथ 1000 दर्शक देख सकेंगे मैच

Published: Mon, 07 Sep 2026 02:58 PM (IST)

पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में ₹21.20 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम-2 का निर्माण हो रहा है। यह ...और पढ़ें

पटना इनडोर स्टेडियम। फोटो जागरण

पटना इनडोर स्टेडियम। फोटो जागरण

HighLights

  1. ₹21.20 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम।

  2. मार्च 2027 तक तैयार होगा, 1000 दर्शकों की क्षमता।

  3. खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और प्रशिक्षण मिलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में इंडोर खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को पाटलिपुत्र खेल परिसर में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम-2 का निर्माण कराया जा रहा है।

करीब 21.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला स्टेडियम लगभग 30,864 वर्गफीट (2,867 वर्गमीटर) क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 25 हजार वर्गफीट का विशाल स्पोर्ट्स फ्लोर होगा।

स्टेडियम को मार्च 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने के बाद कबड्डी, बास्केटबाल, बाक्सिंग, वालीबाल, सेपकटाकरा, कुश्ती, जिम्नास्टिक, योग और अन्य इंडोर खेलों के खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के बीच अभ्यास और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण का माहौल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

हमारा लक्ष्य है कि बिहार की प्रतिभाएं यहीं से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। विशेष रूप से 2028 लास एंजिल्स ओलिंपिक और 2030 के प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेल को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को यह सुविधा मुहैया कराने की योजना बना रहा है।

बड़े खेल आयोजनों के दौरान दर्शकों के बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था होगी। स्टेडियम में 1000 से अधिक दर्शकों की क्षमता वाला रिट्रैक्टेबल सीटिंग सिस्टम लगाया जाएगा।

यानी जरूरत के अनुसार सीटिंग को खोला या समेटा जा सकेगा। इससे प्रतियोगिता के अनुरूप स्पोर्ट्स फ्लोर का अधिकतम उपयोग भी संभव होगा और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

40-40 बेड की पुरुष और महिला डारमेट्री

स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों के लिए आवासीय सुविधा भी विकसित की जाएगी। प्रशिक्षण शिविरों और राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने के लिए पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग 40-40 बेड की डारमेट्री की व्यवस्था होगी।

इसके साथ खिलाड़ियों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे प्रशिक्षण और प्रतियोगिता के दौरान उन्हें एक ही परिसर में बेहतर सुविधा मिल सके।

प्रोफेशनल एथलीट जोन में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

खिलाड़ियों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में अलग-अलग वार्म-अप एरिया, आधुनिक चेंजिंग रूम, लाकर और वाशरूम की सुविधा होगी।

महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिता से पहले तैयारी के लिए बेहतर और पेशेवर वातावरण मिलेगा।

लाइव प्रसारण के लिए बनेगा ब्राडकास्टिंग रूम

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सीधे प्रसारण के लिए स्टेडियम में विशेष ब्राडकास्टिंग रूम बनाया जाएगा। इससे बड़े आयोजनों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से कवर करने में सुविधा होगी। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रसारण के लिए स्टेडियम को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

सुरक्षा और दिव्यांगजनों की सुविधा का भी ध्यान

स्टेडियम की डिजाइन में सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। परिसर में कई इमरजेंसी एग्जिट, चौड़े कारिडोर और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था होगी। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए यूनिवर्सल एक्सेस रैंप बनाए जाएंगे। इससे स्टेडियम सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और आगंतुकों के लिए सुगम और सुरक्षित बन सकेगा।

ग्रीन तकनीक से होगा निर्माण

इंडोर स्टेडियम के निर्माण में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए प्री-फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर और आधुनिक पीपीजी इंसुलेटेड पैनल का उपयोग किया जाएगा।

साथ ही ऊर्जा की बचत के लिए ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप सस्टेनेबल एचवीएसी एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की व्यवस्था होगी। इससे स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधा के साथ पर्यावरण अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ना समोसा, ना कचौड़ी... पूर्वांचल की शान है यह देसी दाल फरा, नाश्ते में जरूर करें ट्राई; नोट करें रेसिपी