पटना में दारोगा अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, सीएम आवास की ओर कूच की तैयारी; सड़कों पर पुलिस का पहरा
पटना में दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द होने के विरोध में अभ्यर्थी गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर ...और पढ़ें

सड़क पर अभ्यर्थी
HighLights
दरोगा भर्ती मुख्य परीक्षा रद्द होने पर प्रदर्शन।
अभ्यर्थी गांधी मैदान से सीएम आवास की ओर।
पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, मार्गों पर बैरिकेडिंग।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना में 1799 पदों पर हुई दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में गुरुवार को अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित अभ्यर्थी लोक सेवक आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे।
पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर की बैरिकेडिंग तोड़कर डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च, यातायात प्रभावित
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से हुई। अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

एक महीने से धरने पर बैठे थे अभ्यर्थी
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
उनका आरोप है कि इतने दिनों तक आंदोलन करने के बावजूद शासन-प्रशासन के किसी अधिकारी ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार अनदेखी के कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दरोगा भर्ती और मद्य निषेध कांस्टेबल परीक्षा पर मांग
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि 1799 पदों के लिए आयोजित दरोगा मुख्य परीक्षा रद्द करने का फैसला वापस लिया जाए और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) की तारीख घोषित की जाए।
इसके अलावा मद्य निषेध कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि भी जल्द जारी करने की मांग की गई है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती और ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए रही। अभ्यर्थियों के सड़क पर उतरने से राजधानी के प्रमुख इलाकों में हलचल देखने को मिली।
