'हमारा मकसद व्यक्तिगत विरोध नहीं, सरकार भटकेगी तो आईना दिखाएंगे'; सदन में बोले तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि बिहार को नया बनाना है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर वह भटकेगी तो उन्हें आईना दिखाएंगे। तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगी।

सदन को संबोधित करते तेजस्वी यादव। जागरण
राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम कुमार के आसन ग्रहण करने के उपरांत सदन को संबोधित करते हुए महागठबंधन विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने संसदीय लोकतंत्र की गरिमा और विपक्ष की सजग भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हम यहां केवल रस्म अदायगी के लिए नहीं, बल्कि बिहार को अव्वल राज्य बनाने के संकल्प के साथ आए हैं।
तेजस्वी यादव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को ज्ञान और मोक्ष की धरती (गया) से आने का स्मरण कराते हुए कहा कि आसन से उम्मीद है कि नियमावली के तहत निष्पक्ष होकर चलेंगे। सत्ता पक्ष तो संख्या बल में है, इसलिए आसन को विपक्ष के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि लोकतंत्र का संतुलन बना रहे।
तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष सरकार का ही अंग होता है। हमारा किसी से व्यक्तिगत विद्वेष या दुश्मनी नहीं है, लेकिन अगर सरकार जनहित से भटकेगी या कोई गलती करेगी, तो विपक्ष उसे आईना दिखाने का काम पूरी मजबूती से करेगा। तेजस्वी ने सदन में अपने संकल्प को दोहराया कि हमारा एक ही उद्देश्य है, नया बिहार बनाना। ऐसा बिहार जो बेरोजगारी, पलायन और गरीबी से मुक्त हो।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए विपक्ष हर सकारात्मक कदम पर सहयोग करेगा, लेकिन जनता के हक की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वस्थ रहने की भी कामना की।
तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन एक जिम्मेदार और धारदार विपक्ष की भूमिका निभाएगा। सरकार यह मुगालते में न रहे कि विपक्ष कमजोर है। बिहार की 14 करोड़ जनता की उम्मीदें तेजस्वी के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: चेतन आनंद ने छुए तेजस्वी यादव के पैर, फिर लिया रोहिणी और तेजप्रताप का नाम
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: 'लालटेन' से दूर हो जाएगा 'हाथ', 15 साल बाद कांग्रेस की अकेले चलने की तैयारी!

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।