कैंसर से जंग जीतकर DU में असिस्टेंट प्रोफेसर बनीं, पूर्णिया की डॉक्टर श्रुति को अब PhD की उपाधि
डॉ. श्रुति झा, पूर्णिया की बहू, ने गंभीर बीमारी और व्यक्तिगत त्रासदियों से जूझते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की है।

पीएचडी की डिग्री के साथ डॉ. श्रुति झा। सौजन्य: स्वजन
HighLights
एम्स में गंभीर बीमारी से लड़कर जीती जिंदगी की जंग।
दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
राजधानी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
मनोज कुमार, पूर्णिया। जिले की बेटी के साथ बहू श्रुति झा अभी दिल्ली विश्वविद्यालय के अधीन राजधानी कालेज में सहायक प्रोफेसर के रुप में कार्यरत है। चंद दिन पूर्व ही उसे दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा पीएचडी की उपाधि दी गई है और अब वे डॉ. श्रुति झा बन गई है। उनके इस उपलब्धि को खास इस पड़ाव तक के सफर ने बना दिया है।
एम्स के आईसीयू में जिंदगी की जंग जीत श्रुति ने यह अनूठी कहानी लिखी है और हिंदी साहित्य में पीएचडी की उपाधि हासिल की है। यह उपलब्धि सिर्फ एक अकादमिक डिग्री हासिल करने की कहानी नहीं है। इसके पीछे बीमारी, दर्द, मातृत्व, अपनों को खोने का गम और हर परिस्थिति में आगे बढ़ते रहने का अद्भुत हौसला छिपा है।
दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुआ था शैक्षणिक सफर
जिले के धमदाहा अंचल स्थित सुंदर धरमपुर चिकनी की बहू एवं जिले के ही डगरुआ अंचल की बेटी डॉ. श्रुति का दिल्ली विश्वविद्यालय से रिश्ता करीब दो दशक पुराना है।
उन्होंने वर्ष 2010 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और 2012 में हिंदी साहित्य में एमए की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने शिक्षण के क्षेत्र में अपना करियर शुरू किया और दिल्ली के एक हाई स्कूल में अध्यापिका के रूप में काम करने लगीं।
वर्ष 2014 में उनकी शादी टीवी पत्रकार मनीष झा से हुई। जिंदगी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, लेकिन अगले ही साल एक ऐसी स्वास्थ्य संबंधी चुनौती सामने आई जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
जब जिंदगी और मौत के बीच था संघर्ष
साल 2015 में श्रुति एम्स में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी। बोन मेरो की गंभीर समस्या से उन्हें अपनी नौकरी तक छोड़नी पड़ी। इस दौरान उनके दो बड़े ऑपरेशन हुए और लंबे समय तक अस्पताल तथा बिस्तर पर रहना पड़ा।
उस कठिन दौर में परिवार ने उन्हें हिम्मत देने के लिए पीएचडी करने का सपना देखा। मकसद सिर्फ एक डिग्री हासिल करना नहीं था, बल्कि श्रुति को जीवन के प्रति उम्मीद और आगे बढ़ने की वजह देना था।
अस्पताल से जब श्रुति व्हीलचेयर पर घर लौटीं, तो एक और बड़ा दुख उनका इंतजार कर रहा था। उनकी छोटी बहन नेहा इस दुनिया को अलविदा कह चुकी थीं। परिवार के लिए यह ऐसा सदमा था, जिसने जीवन की दिशा ही बदल दी।
छह साल तक विश्वविद्यालय से दूरी, फिर शुरू हुई दूसरी पारी
बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के कारण श्रुति करीब छह साल तक विश्वविद्यालय से दूर रहीं, लेकिन उन्होंने अपने शैक्षणिक सपनों को खत्म नहीं होने दिया।
वर्ष 2018 में दिल्ली विश्वविद्यालय में एम.फिल. में दाखिले के साथ उनकी शैक्षणिक जिंदगी की दूसरी पारी शुरू हुई। यह सिर्फ विश्वविद्यालय में वापसी नहीं थी, बल्कि उस सपने की ओर दोबारा कदम बढ़ाना था जिसे कभी बीमारी के कारण अधूरा छोड़ना पड़ा था।
इसके बाद श्रुति ने यूजीसी नेट की परीक्षा पास की और एम.फिल. के दौरान अपने बैच की टॉप सूची में जगह बनाई। इस लंबे सफर में श्रुति मां भी बनीं।
बेटे जय की परवरिश, घर-परिवार की जिम्मेदारियों और अपनी पढ़ाई के बीच उन्होंने संतुलन बनाया। दूसरी ओर, उनके पति मनीष झा की पत्रकारिता की जिम्मेदारियों के कारण अक्सर विदेश यात्राएं होती थीं।
वर्ष 2023 में दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में जॉइन किया। अब हिंदी साहित्य में पीएचडी की उपाधि हासिल कर उन्होंने अपने एक दशक पुराने सपने को पूरा कर लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।