विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैट्रिक में फिसड्डी पर MA में डिस्टिंक्शन! पूर्णिया PDS आवंटन में अंकों का अजब खेल, SDO-नाजिर के चहेते बने डीलर

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:15 AM (GMT+05:30)

Purnia PDS License Scam: पूर्णिया जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों के लाइसेंस आवंटन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने ...और पढ़ें

Purnia PDS License Scam: पूर्णिया में PDS डीलरशिप आवंटन में बड़ा खेल।

Purnia PDS License Scam: पूर्णिया में PDS डीलरशिप आवंटन में बड़ा खेल।

HighLights

  1. पूर्णिया PDS आवंटन में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।

  2. कम मैट्रिक अंक वालों को उच्च स्नातकोत्तर अंक दिखाए गए।

  3. अधिकारियों के परिजनों और चहेतों को डीलरशिप मिली।

राजीव कुमार, पूर्णिया। Purnia PDS License Scam: पूर्णिया जिले के अनुमंडल कार्यालय में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों की अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) आवंटन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता और अपनों को उपकृत करने का बड़ा खेल सामने आया है। समय बीतने के साथ चयन प्रक्रिया की जो परतें खुल रही हैं, उससे स्पष्ट हो रहा है कि अनुमंडल स्तर पर बैठे रसूखदार कर्मियों और पदाधिकारियों के सिंडिकेट ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अपने परिजनों और चहेतों को राशन डीलरशिप की रेवड़ियां बांटी हैं।

इस पूरी मेधा सूची में सबसे चौंकाने वाली बात अंकों का असामान्य अंतर है। जिन अभ्यर्थियों को मैट्रिक की बोर्ड परीक्षा में बामुश्किल 40 से 50 प्रतिशत अंक मिले थे, उन्हें स्नातकोत्तर (एमए) में 80 से 89 प्रतिशत तक अंक दिखाकर मेधा सूची के क्रमांक एक पर काबिज कर दिया गया है।

सलाहकार की पत्नी से लेकर ड्राइवर की बहन तक का चयन

तथ्यों के अनुसार, अनुमंडल कार्यालय में अनौपचारिक रूप से कार्यरत और अनुमंडल पदाधिकारी के नजदीकी सलाहकार माने जाने वाले वार्ड नंबर 10 हृदयनगर निवासी दिलीप शर्मा की पत्नी सोनी कुमारी का नाम नगर परिषद के वार्ड में मेधा सूची के क्रमांक एक पर दर्ज है। सोनी कुमारी को मैट्रिक में महज 44 प्रतिशत अंक प्राप्त थे, लेकिन एमए में उनका अंक सीधे 80.6 प्रतिशत दर्शाया गया है।

इसी तरह, पूर्व में घूसकांड में गिरफ्तार किए जा चुके अनुमंडल कार्यालय के नाजिर कन्हैया झा का प्रभाव भी चयन सूची में साफ दिख रहा है। कन्हैया झा अपने निजी कर्मी वेदानंद सिंह की पत्नी डेजी कुमारी को नगर पंचायत जानकीनगर के वार्ड नंबर 3 से डीलर बनवाने में सफल रहे।

डेजी कुमारी संस्कृत शिक्षा बोर्ड, पटना से मध्यमा में 50.25 प्रतिशत अंक लाई थीं, जबकि उच्च डिग्री में 63.25 प्रतिशत अंक हैं। वहीं, नाजिर कन्हैया झा के दूसरे सहयोगी रंजन कुमार (जिनके यूपीआई स्कैनर पर राशि लेने का ऑडियो पूर्व में वायरल हुआ था) की पत्नी अंजना कुमारी का चयन जानकीनगर वार्ड 12 से स्वयं सहायता समूह कोटे के तहत हुआ है।

पीडीएस डीलरशिप चयन: अंकों का चौंकाने वाला खेल

  • सोनी कुमारी (एसडीओ के सलाहकार की पत्नी): मैट्रिक - 44% | एमए - 80.6% (चयन: वार्ड 4/8, नगर परिषद)

  • सनम प्रिया (एसडीओ के ड्राइवर की बहन): मैट्रिक - 41.2% | एमए - 88.16% (चयन: रामपुर तिलक पंचायत)

  • डेजी कुमारी (नाजिर के सहयोगी की पत्नी): मध्यमा - 50.25% | स्नातक/एमए - 63.25% (चयन: वार्ड 3, जानकीनगर)

  • कुल चयनित पद: 25 में से 14 अभ्यर्थी परास्नातक (एमए डिग्री धारक), अधिकांश के अंक 80% से ऊपर।

  • होल्ड पर रखी सीटें: नगर परिषद बनमनखी वार्ड 13 सहित महराजगंज-1 पंचायत की 3 सीटें।

कार्यालय के वाहन चालक संतोष यादव भी इस बहती गंगा में हाथ धोने से पीछे नहीं रहे। उन्होंने अपनी बहन सनम प्रिया (पति राहुल कुमार) का चयन रामपुर तिलक पंचायत से मेधा सूची के पहले स्थान पर कराया। सनम प्रिया को मैट्रिक में केवल 41.2 प्रतिशत अंक हैं, जबकि एमए में उनका अंक 88.16 प्रतिशत है।

मेधा सूची के क्रमांक-1 पर चयनित अभ्यर्थियों का ब्योरा:

क्र. पंचायत / वार्ड चयनित अभ्यर्थी का नाम पिता / पति का नाम मैट्रिक / समकक्ष (%) उच्च डिग्री (%)
1 जियनगंज पुतुल कुमारी सुभाष कुमार यादव 53.20 87.00 (एमए)
2 हरिमुढ़ी नंदनी कुमारी अजय कुमार मंडल 50.00 66.50 (स्नातक)
3 अभयराम चकला सोना भारती चन्देश्वरी रजक 64.20 79.50 (एमए)
4 महादेवपुर मो. रेहान मो. रइसुद्दीन 64.00 (फोकानिया) 57.25 (स्नातक)
5 महादेवपुर लीला कुमारी राजेश कु. पासवान 68.20 62.50 (स्नातक)
6 रुपौली दक्षिण हरिकिशोर कुमार महेंद्र यादव 61.80 62.65 (एमए)
7 रुपौली दक्षिण दीपक कुमार झा शिवेंद्र झा 52.20 84.85 (एमए)
8 सहुरिया सुभाय मिलिक रिंकी कुमारी विजय कु. महतो 65.71 50.25 (एमए - SHG)
9 महराजगंज-2 संजीत कु. शर्मा भूपेंद्र शर्मा 81.00 81.90 (एमए)
10 महराजगंज-2 गौतम कु. चौधरी लक्ष्मी चौधरी 45.60 57.00 (स्नातक)
11 महराजगंज-2 निकेता कुमारी कुंदन कु. सिंह 52.14 60.12 (स्नातक)
12 रामपुर तिलक सनम प्रिया राहुल कुमार 41.20 88.16 (एमए)
13 रामपुर तिलक चांदनी कुमारी राम कुमार 56.80 64.63 (एमए)
14 लादुगढ़ अमृता कुमारी प्रशांत कुमार 46.60 86.60 (एमए)
15 लादुगढ़ विनीता कुमारी जगजीवन राम 52.00 66.37 (स्नातक)
16 न.प. वार्ड 8/4 सोनी कुमारी दिलीप कुमार 44.00 80.60 (एमए)
17 नबनमनखी वार्ड 12 मोनी कुमारी अमित कु. सिंह 55.20 87.00 (एमए)
18 न.प. वार्ड 15 रौशन कुमार अनिल कु. सिंह 64.80 89.25 (एमए)
19 न.प. वार्ड 25 अंजली कुमारी दीपेन्द्र कुमार 51.40 82.00 (एमए)
20 जानकीनगर वार्ड 1 मेघराज उरांव तेज ना. उरांव 41.40 47.50 (स्नातक)
21 जानकीनगर वार्ड 3 डेजी कुमारी वेदानंद सिंह 50.50 (संस्कृत बोर्ड) 63.25 (स्नातक)
22 जानकीनगर वार्ड 7 काजल कुमारी अभिषेक आनंद 54.20 60.00 (स्नातक - SHG)
23 जानकीनगर वार्ड 12 अंजना कुमारी रंजन कुमार 52.85 65.50 (स्नातक - SHG)
24 जानकीनगर वार्ड 14 रानी कुमारी अमरेंद्र कु. भारती 66.00 (संस्कृत बोर्ड) 81.60 (एमए)
25 जानकीनगर वार्ड 15 सुनयना कुमारी इन्द्रकांत कुमार

25 में से 14 एमए पास, अंकों की बाजीगरी पर उठे सवाल

प्रखंड एवं नगर निकाय क्षेत्रों में 25 दुकानों के लिए जारी मेधा सूची में 14 अभ्यर्थी एमए (परास्नातक) डिग्री धारक हैं। अधिकांश अभ्यर्थियों के अंक 80 से 89 प्रतिशत के बीच हैं, जिससे सामान्य ग्रामीण पृष्ठभूमि के वास्तविक जरूरतमंद और मेधावी अभ्यर्थी दौड़ से बाहर हो गए। कुछ रसूखदारों को लाभ पहुंचाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) के कोटे का भी सहारा लिया गया है।

संदिग्ध शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और शिकायतों को देखते हुए नगर परिषद बनमनखी के वार्ड नंबर 13 तथा महराजगंज-1 पंचायत की तीन सीटों पर चयन प्रक्रिया को फिलहाल प्रमाण पत्रों की जांच के लिए होल्ड पर रख दिया गया है।