विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के शाहाबाद में आधुनिक होगी पुलिसिंग, नए साल में मिलेगी FSL और नए भवनों की सौगात 

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:38 PM (IST)

शाहाबाद प्रक्षेत्र में पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए नए भवनों और क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) का विस्तार किया जा रहा है। 

पुलिस भवन बनकर तैयार। फोटो जागरण

पुलिस भवन बनकर तैयार। फोटो जागरण

HighLights

  1. शाहाबाद में पुलिसिंग को आधुनिक बनाने का हो रहा विस्तार।

  2. क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला जनवरी तक होगी पूरी।

  3. नए डीआइजी, एसपी कार्यालय भवनों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति।

संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास)। शाहाबाद प्रक्षेत्र में पुलिसिंग को आधुनिक और हाईटेक बनाने के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। नए साल में यहां क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला शुरू होने की उम्मीद है।

डीआइजी और एसपी कार्यालयों के नए भवनों का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।पुलिस भवन निर्माण निगम के अनुसार, दोनों कार्यालय भवनों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है और प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

नया एसपी कार्यालय तीन मंजिला होगा। पुलिस केंद्र में जवानों के लिए 500 बेड के बैरक का निर्माण अंतिम चरण में है।डेहरी प्रखंड के भलुआड़ी गांव में 5.86 करोड़ रुपये की लागत से संयुक्त भवन बनाया जा रहा है।

इसमें शाहाबाद प्रक्षेत्र का क्षेत्रीय आर्थिक अपराध कार्यालय, एसटीएफ और सीआइडी समेत अन्य शाखाओं के कार्यालय संचालित होंगे।

जनवरी तक पूरा होगा एफएसएल भवन

भलुआड़ी में करीब 5.60 करोड़ रुपये की लागत से बन रही क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है।

अभी आपराधिक घटनाओं से जुड़े सैंपल की जांच के लिए रोहतास, कैमूर, भोजपुर और बक्सर जिले की पुलिस को पटना या अन्य जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है।

इससे अनुसंधान प्रभावित होता है और न्यायालय में मामलों के निष्पादन में देरी होती है। क्षेत्रीय एफएसएल शुरू होने पर चारों जिलों के थानों के सैंपल की जांच स्थानीय स्तर पर तेजी से हो सकेगी। इससे अपराधियों को जल्द सजा दिलाने में मदद मिलेगी।

निदेशक समेत 16 पदों पर होगी नियुक्ति

प्रयोगशाला के संचालन के लिए निदेशक समेत कुल 16 पदों पर अधिकारियों और कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें एक निदेशक, एक उपनिदेशक, तीन सहायक निदेशक, छह वरीय वैज्ञानिक सहायक, एक अपर डिवीजन लिपिक, दो निम्न वर्गीय लिपिक, दो चालक और आधा दर्जन परिचारी शामिल होंगे।

डीआइजी और एसपी कार्यालय भवनों के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है और प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। भलुआड़ी में एफएसएल भवन जनवरी तक पूरा होगा, जबकि संयुक्त भवन और 500 बेड के बैरक का काम अंतिम चरण में है। -संजीव कुमार, कनीय अभियंता, पुलिस भवन निर्माण निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।