विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के सोनपुर मेला में सजी कश्मीरी हस्तकला, पश्मीना शॉल-कंबल और कानी साड़ी की भारी डिमांड

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:36 AM (IST)

सोनपुर मेले में जम्मू-कश्मीर की पारंपरिक हस्तकला और संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है, जहां पश्मीना शॉल, कश्मीरी स्वेटर और साड़ियों की भारी मांग है।

सोनपुर मेला मे सज रही कश्मीरी गर्म कपड़े की दुकान। जागरण

सोनपुर मेला मे सज रही कश्मीरी गर्म कपड़े की दुकान। जागरण

HighLights

  1. सोनपुर मेले में कश्मीरी हस्तकला और संस्कृति का अनूठा संगम।

  2. पश्मीना शॉल, कश्मीरी कंबल, साड़ियों की भारी मांग।

  3. नवाज मीर का परिवार तीन पीढ़ियों से मेले से जुड़ा।

जागरण संवाददाता, नयागांव। सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार और धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों का भी अनूठा संगम है।

मेले में इन दिनों जम्मू-कश्मीर की वादियों की खूबसूरती और वहां की पारंपरिक हस्तकला की झलक भी देखने को मिल रही है। 

नखास क्षेत्र से दक्षिण की ओर द्रौलिए सिंदूर चौक के बीच सजी कश्मीर हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट की दुकानें मेले में आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। यहां पश्मीना शॉल, कश्मीरी स्वेटर, कंबल, पारंपरिक ड्रेस और खूबसूरत साड़ियों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है।

जम्मू एंड कश्मीर लेबर को-ऑपरेटिव सोसाइटी के तत्वावधान में लगाई गई इस दुकान के संचालक श्रीनगर निवासी नवाज मीर बताते हैं कि इस बार वे सोनपुर मेले में कई नए उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। उनके स्टॉल पर 800 रुपये से लेकर 70 हजार रुपये तक के शॉल उपलब्ध हैं।

वहीं, कश्मीरी साड़ियों की कीमत 2 हजार से 30 हजार रुपये तक है। पश्मीना कश्मीरी कंबल 15 हजार से 27 हजार रुपये की रेंज में उपलब्ध हैं। इसके अलावा कश्मीरी परिधान और गर्म कपड़ों की भी कई आकर्षक किस्में लोगों के लिए रखी गई हैं।

3 पीढ़ियों से सोनपुर मेले से जुड़ा है परिवार

नवाज मीर बताते हैं कि सोनपुर मेले से उनके परिवार का रिश्ता करीब छह दशक पुराना है। वर्ष 1968 से उनके दादा मोहम्मद मकबूल मीर यहां दुकान लगाने आते थे।

इसके बाद उनके पिता मोहम्मद यूसुफ मीर ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और अब वे स्वयं तीसरी पीढ़ी के रूप में सोनपुर मेले में अपनी दुकान सजा रहे हैं।

उनके लिए यह मेला केवल कारोबार का स्थान नहीं, बल्कि परिवार की पुरानी यादों और रिश्तों से जुड़ा एक खास पड़ाव भी है।

अलग-अलग मेलों में सजती है दुकान

उन्होंने बताया कि साल के करीब 9 महीने उनका परिवार बिहार के हरिहर क्षेत्र सोनपुर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ समेत देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले मेलों में दुकान लगाता है।

हर जगह कश्मीरी हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास रहता है। नवाज मीर कहते हैं कि सोनपुर के लोग उन्हें बेहद अच्छे लगते हैं। यहां के लोगों का अपनापन और ग्राहकों का प्यार उन्हें हर साल दोबारा मेले में आने के लिए प्रेरित करता है।

कश्मीर की खूबसूरती और सोनपुर मेले का अपनापन

कश्मीरी उत्पादों की दुकानों पर रंग-बिरंगे शॉल, कंबल और पारंपरिक परिधान ऐसे सजे हैं, मानो कश्मीर की खूबसूरत वादियों की झलक हरिहर क्षेत्र में उतर आई हो।

दुकान पर सजे गर्म कपड़ों की विविधता और कश्मीरी हस्तकला की बारीकियां लोगों को खासा आकर्षित कर रही हैं। नवाज मीर के शब्दों में, सोनपुर मेले में आकर उन्हें अपने कश्मीर की याद आती है।

यहां का माहौल और लोगों का अपनापन उन्हें जन्नत जैसी खूबसूरत वादियों का एहसास कराता है। यही वजह है कि तीन पीढ़ियों से उनका परिवार सोनपुर मेले से जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के मंगल गीत गा रही थी महिला, अचानक गिरी और थम गई सांसें; छपरा में खुशियों वाले घर में पसरा मातम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।