सोनपुर के BJP विधायक विनय सिंह की हालत चिंताजनक, अगले 4 दिन बेहद अहम; स्वास्थ्य मंत्री ने जाना हाल
सोनपुर के भाजपा विधायक विनय कुमार सिंह की तबीयत गंभीर बनी हुई है। मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद उन्हें पटना के सीएनएस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
-1795432511689_m.webp)
विधायक विनय कुमार सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार। (जागरण)
HighLights
विधायक विनय सिंह की स्वास्थ्य स्थिति अभी चिंताजनक बनी हुई है।
मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद पटना के आईसीयू में भर्ती।
मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना।
संवाद सूत्र, दिघवारा (सारण)। सोनपुर के भाजपा विधायक विनय कुमार सिंह की स्वास्थ्य स्थिति अभी चिंताजनक बनी हुई है। पटना के सीएनएस अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।
विधायक के पुत्र चंदन सिंह के अनुसार, अब तक दो बार सीटी स्कैन कराया जा चुका है। दूसरी जांच में मस्तिष्क में खून का थक्का बढ़ने की बात सामने आई है।
चिकित्सकों ने फिलहाल अगले तीन से चार दिनों तक विशेष निगरानी में रखने और स्थिति का आकलन करने की बात कही है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन उनके उपचार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने भी ली जानकारी
विधायक की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले चुके हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है। इधर, विधायक की गंभीर स्थिति की खबर से सोनपुर और दिघवारा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों में चिंता बनी हुई है।
लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें चिकित्सकों की निगरानी और आगामी जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- सोनपुर BJP विधायक विनय कुमार सिंह की तबीयत बिगड़ी, ICU में भर्ती, CM सम्राट चौधरी ने जाना हाल